
जमशेदपुर :


शनिवार को मानगो में एक बार फिर जमकर हंगामा हुआ। हंगामा का कारण था भाजपा नेता व दाईगुट्टू निवासी छोटू पंडित की गिरफ्तारी। छोटू पंडित की गिरफ्तारी शुक्रवार की रात में पुलिस ने कर ली थी। छोटू पर उसके पड़ोसी तेजप्रताप सिंह ने मानगो थाना में मामला दर्ज कराया। जिसमें तेज प्रताप सिंह ने कहा था कि छोटू पंडित उसके पिता के साथ गाली गलौज व मारपीट की है। जब विरोध किया तो वह अपने पिस्तौल से फाय¨रग कर दी। मामला दर्ज होते ही पुलिस ने छोटू पंडित को गिरफ्तार कर लिया।
मामले की जानकारी मिलते ही शनिवार को जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के नेताओं जिसमें मानगो मंडल अध्यक्ष राजेश सिंह, संजय भुइयां, विकास सिंह, राजेश साहू, संतोष चौहान आदि मानगो थाना पहुंच गए और छोटू पंडित की गिरफ्तारी का विरोध किया। भाजपाइयों ने थाना प्रभारी से छोटू पंडित को गिरफ्तार करने का कारण पूछा। थाना प्रभारी ने शुक्रवार की रात दाईगुट्टू में हुई मारपीट के मामले में गिरफ्तारी की जानकारी दी। इस पर भाजपाइयों ने दोनों पक्षों में सुलह के लिए समय मांगा। इसी बीच छोटू पंडित को हाजत से निकालकर पुलिस सूमो में बैठा कर ले गई। इसके बाद भाजपाई हंगामा करने कर एक तरफा कार्रवाई नहीं चलेगी का नारा लगाते हुए सड़क पर बैठ गए। सड़क जाम की सूचना मिलते ही मानगो में किसी प्रकार की कोई अनहोनी की घटना न हो इसके लिए एहतियात के तौर पर दो वज्र वाहन, वाटर कैनन से लेकर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गयी थी। जानकारी मिलते ही डीएसपी व थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कराई जाएगी और कानून सम्मत कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद भाजपाई सड़क से उठ गए।

