
“साउंड लेवल मीटर” से आज नापी गयी मुख्य मार्गों पर बने 7 पंडालों की डेसीबल तीव्रता
जमशेदपुर। पर्यावरण अनुकूल पूजा मनाने में जमशेदपुर के पूजा पंडाल हर वर्ष नयी नयी पहल करते हैं। इस वर्ष मानगो क्षेत्र के पूजा पंडालों और मोहर्रम जुलूसों में प्रयुक्त होने वाले ध्वनि विस्तारकों की तीव्रता का मापन मानगो अक्षेस की तरफ से किया जा रहा है। विशेष पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि पर्यावरण अनुकूलता के लिए साफ सफाई रखने के अलावा आस पास में ध्वनि का स्तर भी सामान्य रखना जरूरी है। इसलिए शहर में ध्वनि का स्तर नियंत्रित रखने के उद्देश्य से एक स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माहौल बनाकर दोनों धर्मों के उपासकों को प्रेरित किया जा रहा है। संयोग से इस बार दुर्गा पूजा और मोहर्रम लगभग साथ साथ पड़ रहे हैं इसलिए दो अलग अलग कोटियों में स्वस्थ प्रतियोगिता के आधार पर न्यूनतम डेसीबल उत्सर्जन वाले तीन पूजा पंडालों एवं तीन मोहर्रम अखाड़ों को सम्मानित किया जायेगा। आज मानगो के मुख्य सड़कों पर स्थित 7 पूजा पंडालों का डेसीबल मापन किया गया, इनका ध्वनि स्तर 82 डेसीबल से 90 डेसीबल के बीच अलग अलग पाया गया। विशेष पदाधिकारी ने बताया कि पूजा पंडालों के डेसीबल मापन का जिम्मा कनीय अभियंता गजेंद्र कुमार को तथा मुहर्रम अखाड़ों / जुलूसों की ध्वनि तीव्रता नापने का जिम्मा कनीय अभियंता भूषण कुमार सिंह को दिया गया है। जबकि विशेष पदाधिकारी तीनो वार्डों के सभी पूजा पंडालों और मोहर्रम अखाड़ों का पर्यवेक्षण स्वयं भी कर रहे हैं।

