
जमशेदपुर।


उपायुक्त अमित कुमार ने आज कार्यालय कक्ष में विधि व्यवस्था एवं खनन टाक्स फोर्स की बैठक में संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन शर्तों के साथ क्रशर स्थापित करने या खनन की स्वीकृति दी गई है उनका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए तथा अवैध उत्खनन पर जाँच हो। इकाइयों के प्रदूषण स्तर और पर्यावरण पर प्रभाव से संबंधित प्रतिवेदन फील्ड विजिट कर अलग से उपस्थापित करने का निदेश उपायुक्त ने जिला प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को दिया।
खाद्य सुरक्षा विभाग के प्रतिनिधि को त्योहार के मौसम में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश देते हुए उपायुक्त ने कहा कि मिठाई की दुकानों में छापामारी कर मिलावट की जाँच की जाए। वर्षा के मौसम में फूड पाॅयजनिंग की अधिक संभावना में देखते हुए शहर के होटलों-प्रतिष्ठानों में जाँच के निर्देश दिए। साथ ही तेल-मसाला-दाल जैसे खाद्य पदार्थों में भी मिलावट की जाँच करने को कहा। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा का मामला विधि व्यवस्था से जुड़ा हुआ है और इसमें समाज का व्यापक सरोकार निहित है। ड्रग इंस्पेक्टर को निर्देश देते हुए उपायुक्त ने कहा कि फर्जी प्रतिबंधित अथवा एक्सपायरी दवाओं के मामलों में अविलम्ब कार्रवाई हो। इस संबंध में दैनिक-प्रतिवेदन देने का निर्देश उपायुक्त ने दिया। साथ ही फार्मासिस्ट को दिए जाने वाले प्रमाणपत्र की नियमित जाँच का निर्देश दिया। बिजली चोरी के मामलों में औचक निरीक्षण और तेज करने का निर्देश उपायुक्त ने दिया साथ ही स्वास्थ्य उपकेन्द्रों में बिजली की सतत निगरानी करने को कहा। उत्पाद विभाग को बोड़ाम, मुसाबनी में समानान्तर अवैध शराब निर्माण की सघन छापेमारी का निर्देश उपायुक्त ने दिया। मानगो एवं घाटशिला में अवैध बैकिंग के मामलों की तत्परता से जाँच का निर्देश सम्बन्धित पदाधिकारियों को उपायुक्त ने दिया।
इससे पूर्व केन्द्रीय कारा घाघीडीह, एवं उपकारा घाटशिला की विधि व्यवस्था से संबंधित बैठक की समीक्षा करते हुए भोजन की गुणवत्ता में सुधार करने और मेडिकल सुविधा दुरूस्त रखने का निर्देश उपायुक्त ने दिया। साथ ही निरक्षर कैदियों को साक्षर बनाने की कवायद तेज करने, जेल परिसर में नवीनतम तकनीक वाले जैमर स्थापित करने और ई-मुलाकात के जरिए मुलाकातियों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया गया।
उक्त बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक, ए0डी0एम0 (विधि व्यवस्था), एस0डी0ओ0 घाटशिला, तथा सम्बन्धित विभागों के पदाधिकारीगण एवं अन्य प्रतिनिधि उपस्थित थे।

