
जमशेदपुर।


आर्मरी ग्राउंड चल रहे प्रथम पीपीएल क्रिकेट लीग के फाइनल में टीम ग्रीन का मुकाबला टीम ब्लैक से होगा। सोमवार को खेले गए सेमीफाइनल में टीम ग्रीन ने टीम व्हाईट को और टीम ब्लैक ने टीम पर्पल को हरा दिया। पहले सेमीफाइनल में टीम ग्रीन ने ब्लैक के खिलाफ छह विकेट से जीत दर्ज की। आर्मरी ग्राउंड पर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम व्हाईट ने निर्धारित दस ओवरों में 62 रनों का स्कोर बनाया। इंतु ने सर्वाधिक 17 रन तीन चौके की मदद से बनाए। बाबू वसीम ने 15 और पवन ने दस रन बनाए। जीतेंद्र ने चार विकेट लिए। जयेश ठाकेर और बिनोद केशरी दो-दो खिलाड़ियों को आउट किया। टीम ग्रीन ने नौ ओवर में चार विकेट पर लक्ष्य हासिल कर मैच जीत लिया। इससे पूर्व आज सुबह खेले गए मैच में टीम व्हाईट ने टीम येलो को 47 रनों से हराया। व्हाईट की अोर से वाबू वसीम ने नौ चौके की मदद से 53 रनों की नाबाद पारी खेली। रणधीर ने पांच चौके की सहायता से 26 रन बनाए। टीम येलो की ओर से विकास ने एक खिलाड़ी को आउट किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम येलो की टीम 69 रनों के स्कोर पर सिमट गई। आशीष ने तीन चौके की मदद से सर्वाधिक 39 रन बनाए।
दूसरे सेमीफाइनल में टीम ब्लैक की आसान जीत
दूसरे सेमीफाइनल में टीम ब्लैक ने टीम पर्पल को दस विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम पर्पल ने एक विकेट पर 87 रन बनाए। सुनील ने एक चौका की मदद से 24 रन और कप्तान निसार ने पांच चौके की सहायता से 34 रन बनाए। मुकेश 11 रन बनाकर आउट हो गए। टीम ब्लैक ने नौ ओवर में बिना विकेट खोए 89 रन बनाकर मैच जीत लिया। कप्तान कौशल ने सात चौके की मदद से 42 रन और देवाशीष ने दो चौके की सहायता से 22 रन बनाए। इससे पूर्व कॉलेज ग्राउंड में खेले गए मैच में आज टीम पर्पल ने टीम पिंक को 31 रनों से हराया। पर्पल की ओर से मुकेश ने टूर्नामेंट का सबसे अधिक व्यक्तिगत स्कोर (68 रन) बनाया। मंगलवार को सुबह फाइनल के बाद पुलिस प्रशासन के साथ मैत्री मैच खेला जाएगा। टाटा स्टील खेल विभाग की ओर से हसन इमाम मलिक के नेतृत्व में स्कोरर ने मैच का संचालन किया।

