
जमशेदपुर।


उपायुक्त अमित कुमार ने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित विषय पर समीक्षा बैठक की। श्री कुमार ने प्रधानमंत्री आवास योजना का समीक्षा करते हुए सभी बीडियो को निर्देश दिया कि अब तक जिन लाभूकों को प्रधानमंत्री आवास योजना का द्वितीय इंस्टालमेंट दिया जा चुका है उन सभी का राज्य स्थापना दिवस (15 नवम्बर 2017) के अवसर पर गृह प्रवेश कराया जाएगा। इस हेतु उक्त सभी आवासों का निर्माण का कार्य पूर्ण कराया जाए। श्री कुमार ने संबंधित प्रखण्ड के वरीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रखण्ड विकास पदाधिकारी से प्रगति का प्रतिवेदन प्राप्त करना सुनिश्चित करें। श्री कुमार ने लाभूकों को समय पर राशि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उपायुक्त श्री कुमार ने सभी डीपीएम को प्रखण्डों में जाकर प्रगति की समीक्षा कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा तथा सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया कि दिपावली के पूर्व प्रधानमंत्री आवास निर्माण का कार्य को पूर्ण करने का अभियान चलाएं। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को प्राप्त करने में कोई समझौता नही किया जाएगा कार्य को कैसे पूर्ण करना है इसकी तैयारी स्वयं करें तथा कठिनाई होने पर वरीय पदाधिकारी से सम्पर्क करें।
उपायुक्त अमित कुमार ने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन लाभूकों के घर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित किये गये है उनमे शौचालय का निर्माण होना जरूरी है तथा साथ ही प्रधानमंत्री उज्वला योजना के तहत गैस भी उपलब्ध करायी जाए। श्री कुमार ने सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारियों से कहा कि शौचालय निर्माण के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पूरे जिले में प्रतिदिन 400 शौचालय का निर्माण कराना आवश्यक है। इस लिए पूरी तत्र्पता के साथ इस पर कार्य करना सुनिश्चित करें। श्री कुमार ने धालभूमगढ़, बोड़ाम, पोटका तथा मुसाबनी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी की प्रशंसा करते हुए कहा कि इन्होंने पिछले मीटिंग में जो प्रतिबद्धता किया था उसे पूर्ण किया है। उपायुक्त अमित कुमार ने कहा कि शौचालय निर्माण कार्य हेतु राशि की कमी है तो अपना-अपना मांग पत्र उपलब्ध कराए तथा लक्ष्य को प्राप्त करना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर उपायुक्त अमित कुमार, उप विकास आयुक्त सूरज कुमार, अपर उपायुक्त सुनील कुमार, उपर जिला दण्डाधिकारी सुबोध कुमार, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी बिन्देश्वरी तत्मा, आईटीडीए निदेशक श्री बी महेश्वरी, एनआरईपी निदेशक श्रीमती रंजना मिश्रा, अनुमण्डल पदाधिकारी सुश्री माधवी मिश्रा, आईएस प्रोवेजन हिमांशु मोहन, कार्यपालक अभियन्ता पेयजल एवं स्वच्छता विभाग तथा सभी प्रखण्ड के विकास पदाधिकारी एवं डीपीएम उपस्थित थे।

