
जमशेदपुर।


भाजपा की युवा ईकाई भारतीय जनता युवा मोर्चा ने प्राचीन भारत के परंपरागत खेलों को बढ़ावा देने के लिए “खेलो भारत” जैसे कार्यक्रम का आयोजन शुरू किया है। केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व द्वारा निर्देशित उक्त कार्यक्रम के तहत 23 अगस्त को एग्रिको ट्रांसपोर्ट मैदान में एकदिवसीय खेल महोत्सव का वृहद आयोजन किया जाएगा। जनसंघ के संस्थापक रहे पं. दीनदयाल उपाध्याय की जन्म शताब्दी के मौके पर हो रहे “खेलो भारत” में खो-खो, रस्साकस्सी, कुश्ती और कबड्डी जैसे परंपरागत भारतीय खेलों को शामिल किया गया है। सोमवार को साकची स्थित होटल कैनेलाईट में भाजयुमो जिला कमिटी द्वारा आयोजित संवाददाता सम्मेलन के दरम्यान जानकारी देते हुए भाजयुमो जिलाध्यक्ष अमरजीत सिंह राजा ने बताया कि बुधवार सुबह नौ बजे से एग्रिको मैदान में एकदिवसीय खेल महोत्सव का आयोजन होगा जिसमें महानगर भाजयुमो के 24 मंडल बतौर प्रतिभागी शामिल होंगे। इन टीमों को 12-12 के दो ग्रुप में बांटा गया है। बताया कि युवतियों के भी दो टीमें हिस्सा लेंगी। उन्होंने कहा कि एक ही मैदान पर कबड्डी,खो-खो एवं रस्सा-कस्सी का आयोजन होगा जिसमें शहर के विभिन्न खेल संस्थाओं के विशेषज्ञ बतौर निर्णायक एवं रेफ़री की भूमिका में रहेंगे। बताया कि इस दौरान कुल 600 से अधिक युवा हिस्सा लेंगे। समापन एवं पुरस्कार वितरण के मौके पर बतौर मुख्यातिथि सूबे के खेल एवं युवा मामले के मंत्री अमर कुमार बाउरी मौजूद होंगे तथा भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष अमित सिंह, जमशेदपुर के भाजयुमो प्रभारी कुंदन सिंह समेत पार्टी के आला नेताओं की मौजूदगी रहेगी। संवाददाता सम्मेलन में मौजूद भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री गुंजन यादव ने कहा कि ऐसे आयोजनों का मुख्य उद्देश्य प्रतिभावान खिलाड़ियों को उचित मंच देना है। कहा कि खेलो भारत के जरिए युवाओं को आगे बढ़ाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपने को मूर्त रूप देने का प्रयास है। भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने खेलो भारत अभियान के लिए जिला संयोजक की भी घोषणा की है। कॉमनवेल्थ खेल, राष्ट्रीय-अंतराष्ट्रीय टूर्नामेंट में प्रतिनिधित्व कर चुके एवं आर्चरी के अंतराष्ट्रीय स्तर के कोच रह चुके शहर के हरेंद्र सिंह को जिला संयोजक मनोनीत किया गया है। संवाददाता सम्मेलन में भाजयुमो ज़िलाध्यक्ष अमरजीत सिंह राजा के अलावे प्रदेश भाजयुमो महामंत्री गुंजन यादव,प्रदेश मीडिया प्रभारी पप्पू सिंह,प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी विजय सिंह, भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी अंकित आनंद, भाजयुमो के जिला महामंत्री कुमारेश उपाध्याय,मीडिया प्रभारी अनमोल वर्मा,मंत्री रंजीत पांडेय, सोशल मीडिया प्रभारी इंदरजीत सिंह समेत अन्य मौजूद थें।

