
थाने के वाहन कहां-कहां जा रहे हैं, उसकी निगरानी की जायेगी


संवाददाता
जमशेदपुरः वायरलेस के डीआइजी प्रवीण कुमार सिंह ने कहा है कि जल्द ही थाने के वाहनों में ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम (जीपीएस) लगाया जायेगा. इसकी तैयारी की जा रही है. यह बातें श्री सिंह ने जमशेदपुर में पत्रकारों से बातचीत में कही. वे यहां जीपीएस लगाने के तकनीकी पहलुओं का अवलोकन करने आये हुए थे. इस दौरान श्री सिंह ने सीसीआर का अवलोकन किया. इस मौके पर वायरलेस से संबंधित पदाधिकारी भी वहां मौजद थे. श्री सिंह ने कहा कि न केवल जमशेदपुर, बल्कि यह व्यवस्था पूरे राज्य में की जानी है. पुलिस दल जो वाहनों के माध्यम से गश्ती करती है, उसकी जानकारी मिल सके. श्री सिंह ने कहा कि जीपीएस के लग जाने से अपराध नियंत्रण में काफी मदद मिलेगी. यहां सीसीआर का अवलोकन करने के बाद डीआइजी प्रवीण कुमार सिंह चाईबासा के लिए रवाना हो गये.
गौरतलब है कि राज्य सरकार राज्य में अपराध नियंत्रण के लिए कटिबद्ध है. सरकार इस मामले को लेकर काफी गंभीर है, जिस कारण हर प्रकार से उपाय किये जा रहे हैं कि अपराध पर नियंत्रण हो सके. मुख्यमंत्री रघुवर दास भी इस मामले को गंभीरता से लिया है. वे अपराध व नक्सल गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश चाहते हैं.

