
जमशेदपुर।


जादूगोड़ा के खड़ियाकोचा गाँव के उत्थान और विकास कार्यों की जिम्मेदारी निभा रही सामाजिक संस्था ‘समाधान’ ने मंगलवार को उक्त गाँव के सबर परिवारों संग दीपावली मनाई। मौके पर समाधान के सदस्यों ने गोद लिए नए परिवारों संग जमकर आतिशबाजी की और मिठाईयां बाँटी। संस्था की ओर से ग्रामीणों के बीच बीच मिठाईयां , दीपक, मोमबत्तियां, पटाखें और बच्चों के लिए विशेषकर कपड़ें और जूते-चप्पल पर्व के मद्देनजर वितरित किये गए। सेवा ही लक्ष्य को चरितार्थ करती समाधान संस्था ने उक्त गांव को गोद लेने के लगभग छह महीनों के बीच गाँव को कई विकास योजनाओं से लाभांवित किया। इसमें सबसे बड़ी उपलब्धि रही दीपावली से पूर्व गाँव को विद्युत से रौशन करना जो आज़ादी से 70 वर्ष के बावजूद अबतक उपेक्षित रही। समाधान ने गाँव के दत्तक ग्रहण के मौके पर ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों का ध्यानाकृष्ट इन अव्यवस्थाओं की ओर कराते हुए बेहतर सुविधाओं की माँग की थी। गाँव में बिजली पहुंचने से अब ग्रामीण रात को भी लाइट और पंखों का इस्तेमाल कर पा रहे हैं। वहीं संस्था ने आज ग्रामीणों को दीपक,तेल और बाती उपलब्ध कराते हुए दीपावली के दिन प्रकाश पर्व मनाने को कहा। वहीं बच्चों को आतिशबाजी करने हेतु पटाखे देते हुए इन्हें सुरक्षित चलाना भी सिखाया। मौके पर विशेष रूप से मौजूद संस्था के संरक्षक दिनेश कुमार ने कहा कि यह सुखद अनुभूति है कि वास्तविक मायने में जरूरतमंदों तक न केवल समाधान की टीम पहुँची, बल्कि उन्हें मुख्यधारा से भी जोड़ा। समाधान की अध्यक्ष पूनम विग ने सबों को मिठाईयां ख़िलाकर दीपावली की बधाई दी। वहीं गाँव के पढ़ाई करने वाले तीन बच्चों के लिए साईकल उपलब्ध कराई गई तथा उनके मनोरंजन का ख़्याल रखते हुए एक बड़ी कैरम बोर्ड भी उपलब्ध कराई गयी। संस्था की अध्यक्ष ने इस परिवर्तन पर ख़ुशी ज़ाहिर की। कहा कि उनका गाँव बदल रहा है, आगे बढ़ रहा है। इस मौके पर विशेष रूप से समाधान के दिनेश कुमार, पूनम विग,अमिता महेंद्रू,अमरजीत सिंह राजा,सुनीता सचदेव,अनिता विभार मौजूद रहें।

