
कर्मचारियों को लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे सेंटर हेड, अर्चना सिंह के खिलाफ की नारेबाजी
नाराज एसपी चंदन कुमार झा ने एजिस के कर्मचारियों को लगायी फटकार
दोनों पक्षों को लिखित शिकायत करने का आदेश
संवाददाता
जमशेदपुरः विगत 13 जून को एजिस कॉल सेंटर के प्रबंधक की पिटाई के मामले को लेकर एजिस प्रबंधन के कर्मचारियों ने मंगलवार को एसपी कार्यलय पहुंचकर रेडिकल यूथ एण्ड स्टूडेंट हेल्पलाईन के सदस्यों पर लूट-पाट व कंपनी के मामलों में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाते हुए हेल्पलाईन की संचालिका पर प्राथमीकी दर्ज करने की मांग की. एसपी चंदन कुमार झा ने दोनों पक्षों को लिखित शिकायत करने का निर्देश दिया है. उधर शिकायत करने एसपी कार्यालय पहुंचे काल सेंटर के कर्मचारियों ने हेल्पलाईन की संचालिका अर्चना सिंह के खिलाफ नारेबाजी करना शुरू किया जिससे नाराज होकर एसपी चंदन कुमार झा अपने कक्ष से निकलकर नारा लगा रहे कर्मचारियों को डांट पिलायी व मौके पर मौजूद पुलिस बल को सख्ती बरतने का आदेश दिया.
क्या है मामला
मानगो डिमना चौक स्थित एजिस कॉल सेंटर के कुछ महिला कर्मियों ने काल सेंटर प्रमुख आलोक शर्मा, शिफ्ट इंचार्ज यशपाल सिंह समेत कई कर्मचारियों पर मानसिक व शारीरीक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए काल सेंटर में रेडिकल यूथ एण्ड स्टूडेंट हेल्पलाईन के सहयोग से तालाबंदी करते हुए आरोपियों को माफी मांगने पर मजबूर कर दिया. हेल्पलाईन के सदस्यों के दबव में आकर आरोपियों ने माफी तो मांग ली लेकिन मामला थमा नहीं कुछ लोगों के सहयोग से सेंटर के प्रमुख इस मामले को लेकर एसपी कार्यालय पहुंच गए. अब देखना यह है कि गेंद किसके पाले में जाती है, या मामला ड्रा होगी.



