
जमशेदपुर। शुक्रवार शाम डीसी श्री अमित कुमार ने विशेष पदाधिकारी संजय कुमार तथा टाटा स्टील के ऋतू राज सिन्हा के साथ साकची मस्जिद के सामने स्थानीय बसों के लिए बनाये जा रहे बस पड़ाव का निरीक्षण किया। टाटा स्टील समूह द्वारा बनाये जा रहे इस अत्याधुनिक बस स्टैंड का शीघ्र उद्घाटन हो सके इस हेतु टाटा स्टील एवं जेएनएसी को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। ऋतू राज सिन्हा ने बस स्टैंड परिसर का पूरा लेआउट समझाते हुए उपायुक्त को बताया कि तीन दिशाओं से प्रवेश द्वार वाले इस बस पड़ाव में आने और जाने के लिए अलग अलग रास्ते हैं, इतना ही नहीं सभी 12 गंतव्य स्थानों की बसों हेतु 12 अलग अलग यात्री शेड बनाये गए हैं। बस एसोसिएशन के लिए कार्यालय तथा स्त्री पुरुष के लिए अलग अलग शौचालय भी हैं। जानकारी दी कि उनकी योजना है कि बसों की समय सारणी और लाइव पोजीशन आदि के लिए मोबाईल एप तैयार होगा जिससे लोगों को पता रहेगा कि उनकी बस अभी कहा तक पहुंची है अतः यात्रियों को अपनी बस के लिए बहुत पहले से स्टैंड आने की जरुरत नहीं पड़ेगी। इस मौके पर टाटा स्टील के आर्किटेक्ट और संवेदक भी मौजूद थे।



