
जमशेदपुर।


राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना, शहरी के तहत् 300 लाभुकों के घरों का गृह प्रवेश मानगो स्थित राजस्थान भवन में किया गया। गृह प्रवेश मंत्री सरयू राय एवं उपायुक्त श्री कुमार के द्वारा विधिवत् पूजन कर कराया गया।
सरयू राय ने कहा कि सरकार के गठन के साथ ही प्रधानमंत्री ने 2022 तक सभी को आवास उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा था। अन्तिम व्यक्ति तक भोजन, वस्त्र, आवास पहुंचाने के लिए सरकार कटिबद्ध है। इसके लिए केंद्र सरकार और राज्य सरकार के साथ ही जिला प्रशासन पूरी तन्मयता के साथ अहर्निश प्रयासरत है।
लाभुक गण पक्के मकान में दीवाली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनायें ये कामना उपायुक्त ने व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास गरीबों तक तमाम सुविधाएं उपलब्ध कराने का है। इसके लिए राज्य सरकार के दिशानिर्देश के आलोक में जिला प्रशासन काम कर रहा है। सभी को स्वाभिमान के साथ गौरवपूर्ण जीवन जीने का अवसर मिले इसके लिए सरकार प्रयास कर रही है। यह प्रयास अच्छे घर तक सीमित नहीं है। महिलाओं को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत् गैस चूल्हा उपलब्ध कराने, स्वच्छ भारत मिशन, अर्बन के अन्तर्गत सभी घरों में शौचालय बनाये जाने के साथ ही 24 * 7 बिजली की आपूर्ति जैसे प्रयास प्रशासन के स्तर से किये जा रहे हैं।
इससे पूर्व राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के उपलक्ष्य में खादी भवन बिष्टुपुर में खादी वस्त्रों पर विशेष छूट का शुभारंभ श्री अमित कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर राज्य खादी बोर्ड के सदस्य के. एस. बंटी, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती कल्याणी शरण, भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार, भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता राजेश शुक्ला तथा अन्य गणमान्य अतिथिगण उपस्थित थे।

