
चाईबासा।भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष सह चाईबासा से लोकसभा सांसद लक्ष्मण गिलुआ की गाड़ी सोमवार को गाय से टकरा गयी जिससे उनकी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गयी । हालांकि इस घटना में गिलुऐ बाल-बाल बच गये । इस बाबत प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने फोन पर बातचीत में बताया कि नदी महोत्सव में भाग लेने के लिए वे अपने संसदीय क्षेत्र चाईबासा जा रहे थे । चक्रधरपुर से 12 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम खूंटपानी के पास चाईबासा जाने के क्रम में उनकी तेज रफ्तार कार के सामने पशुओं का एक झुंड आ गया । जबतक चालक ब्रेक लगाता, तब तक एक गाय से कार टकरा गयी । कार को जिस पशु से टक्कर लगी, उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी । उन्होंने बताया कि कार केने के तुरंत ही प्रोटेक्शन बैलून समय पर खुल गया और वाहन में सवार किसी व्यक्ति को कोई खरोंच तक नहीं आयी।



