
गरीबों को हर हाल में मिले सुविधा इसे सुनिश्चित करें- डा. नीरा

कोडरमा। गरीबों को हर हाल में अनाज मिले और समय पर उपलब्ध हो, इसे सुनिश्चित करें। जो सम्पन्न वर्ग से आते हैं उनकी जगह गरीब और वंचित लोगों को खाद्य सुरक्षा कानून के तहत अनाज देना तय करें। प्रदेश की शिक्षा मंत्री डा. नीरा यादव ने शनिवार को दिन में परिसदन में लघु सिंचाई विभाग और खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में उक्त निर्देश दिए। बैठक में डीसी संजीव कुमार बेसरा, डीडीसी सूर्य प्रकाश, एसडीओ प्रभात बरदियार, डीएसओ रविन्द्र प्रसाद सिंह, लघु सिंचाई विभाग के कार्यपालक अभियंता पारितोष कुमार, एई आलोक कुमार, सुदामा सिंह, एमओ अभिषेक आनन्द, सुरेन्द्र कुमार, युगल किशोर के अलावा विधायक प्रतिनिधि संजीव समीर, राजेश कुमार सिंह भी मौजूद थे। इस दौरान मंत्री ने बिना शिलान्यास कराए लघु सिंचाई विभाग द्वारा कुछ योजनाओं पर कार्य शुरू करवाने पर गहरी नाराजगी जाहिर की और सरकार के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने समय पर सिंचाई की योजनायें, तालाब और डोभा निर्माण कार्य पूरा कराने का भी निर्देश दिया। बैठक में बताया गया कि जिले में चार और जगहों झुमरीतिलैया, कोडरमा और डोमचांच में मुख्यमंत्री दाल भात योजना केन्द्र खोले जायेंगे। देवीपुर में 2.5 करोड से अधिक की लागत से बनने वाली सिंचाई योजना के संबंध में बताया गया कि जिस संवेदक को कार्य आबंटन हुआ था उसके द्वारा कार्य करने से मना कर दिया गया है और इस संबंध में विभाग से निर्देश मांगा गया है।

