
फार्तोदा (गोवा), 11 जनवरी । मैनुएल लैंजारोटे के दो शानदार गोलों के दम पर एफसी गोवा ने गुरुवार को हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के चौथे सीजन के अपने नौवें दौर के मुकाबले में जमशेदपुर एफसी के मजबूत डिफेंस को भेदते हुए 2-1 से जीत हासिल की।
जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेला गया यह मैच गोवा की मजबूत आक्रमण पंक्ति और जमशेदपुर के बेजोड़ डिफेंस के बीच का मुकाबला था, जिसमें गोवा हावी रही और पूरे तीन अंक लेकर जमशेदपुर को मायूस किया। गोवा को हालांकि अपने पिछले मुकाबले नार्थईस्ट युनाइटेड एफसी से 2-1 से हार मिली थी, लेकिन अब गोवा एक बार फिर जीत की पटरी पर वापसी कर चुकी है।
इस जीत के बाद गोवा 16 अंकों के साथ चौथे पहुंच गया है। पुणे सिटी के भी 16 अंक हैं लेकिन वह गोल अंतर के लिहाज से बेहतर स्थिति में है। ऐसे में पुणे तीसरे स्थान पर ही बना है और मुंबई सिटी एफसी पांचवें पर आ गई है। इस हार के बाद भी जमशेदपुर सातवें स्थान पर ही बनी रहेगी।
गोवा के सामने जमशेदपुर के मजबूत डिफेंस को तोड़ने की चुनौती थी और 16वें मिनट में ही फारान कोरोमिनास ने उसके घेरे में हमला बोल दिया। कोरोमिनास और मंडार राव की जुगलबंदी ने गोवा के लिए मौका बनाया।
कोरोमिनास ने गेंद अपने पास लेते हुए निशाना साधा, जो बार के ऊपर चला गया। यहां मेहमान टीम ने राहत की सांस ली। तीन मिनट बाद कोरोमिनास के पास अपनी टीम को बढ़त दिलाने का एक और मौका था लेकिन इस बार वो डबल माइंड हो गए, तब तक जमशेदपुर के डिफेंस ने उनसे गेंद ले ली।
जमशेदपुर ने भी अगले मिनट गोवा के बॉक्स में हमला बोला। उसके स्टार खिलाड़ी इजु इजुका के पास गेंद। इजुका ने डिफेंडर क छकाते हुए बेहतरीन शॉट लगाया जो गोवा के गोलकीपर लक्ष्मीकांत काट्टीमनी के बाएं कोने से बाहर चला गया।
28वें मिनट में भी जमशेदपुर ने गोवा के बॉक्स में खलबली मचा दी थी। त्रिनदादे ने बॉक्स में लो पास दिया, हालांकि उनका यह प्रयास गोवा के डिफेंस ने विफल कर दिया लेकिन रिबाउंड पर जमशेदपुर के बिकास जाएरू के पास गोल करने का मौका जिसे वो गंवा बैठे और गोवा को राहत मिली।
इस दौरान गेंद गोवा के पास तो ज्यादा थी लेकिन वह इस मौके को भुना नहीं पा रही थी, वहीं जमशेदपुर के पास गेंद को कम रही लेकिन उसने गोवा को परेशानी में जरूर डाला। लेकिन इस मैच में किस्मत गोवा के साथ थी। 42वें मिनट में उसे पेनाल्टी मिली। यहां सुब्रत पॉल और बिके रेफरी से बहस करने लगे और इसी कारण सुब्रत को येलो कार्ड मिला।
44वें मिनट में पेनाल्टी लैंजारोटे ने पेनाल्टी ली, जिस पर रेफरी ने रीटेक लिया और दोबारा पेनाल्टी मारने को कहा। लैंजारोटे ने इस बार गेंद को नेट के कोने में डाल गोवा को एक गोल से आगे कर दिया।
गोवा ने अपने आक्रामक खेल को दूसरे हाफ में भी जारी रखा, बावजूद इसके जमशेदपुर ने स्कोर 1-1 से बराबर कर लिया। जमशेदपुर के लिए यह गोल त्रिनदादे ने जैरी एम. की मदद से किया। इस गोल के लिए गोवा के डिफेंस की लापरवाही जिम्मेदार थी, जिसके कारण जैरी उसके बॉक्स में घुस गए और दाहिने ओर से त्रिनदादे को क्रॉस पास दिया। खाली खड़े त्रिनदादे ने हेडर के जरिए गेंद को गोलपोस्ट में डाल स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
जमशेदपुर का मजबूत डिफेंस हालांकि इस बराबरी को ज्यादा देर तक कायम नहीं रख सका और 60वें मिनट में ही गोवा ने एक बार फिर बढ़त ले ली। गोवा के लिए यह गोल भी लैंजारोटे ने किया। इस गोल में उनकी मदद ब्रेंडन फर्नाडेज ने की।
ब्रेंडन ने त्रिनदादे और शौविक घोष के बीच से गेंद लैंजारोटे को दी। लैंजारोटे ने गेंद ली और बाईं तरफ से गेंद को गोलपोस्ट के टॉप कॉर्नर में डाल गोवा को 2-1 से आगे कर दिया।
72वें मिनट में जमशेदपुर के पास हालांकि बराबरी का मौका आया था, जिसे वो गंवा बैठी। गोवा के डिफेंस का गलती एक बार सामने आई लेकिन किस्मत की मेहरबानी ने उसे बचा लिया। बेलफोर्ट ने हेडर लगाया जो गलती से जमशेदपुर के जैरी के पास गया। जैरी हालांकि गेंद पर से अपना नियंत्रण खो बैठे और जमशेदपुर के हाथ से गोल का मौका चला गया।

