
गुवाहाटी, 19 जनवरी । सिमिलेन डुंगेल की यादगार हैट्रिक ने शुक्रवार को नार्थईस्ट युनाइटेड एफसी के खिलाफ इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम में खेले गए हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के चौथे सीजन के एक अहम मुकाबले में 2015 के चैम्पियन चेन्नयन एफसी का दम निकाल दिया और अब उसे एक बार फिर से टॉप पर पहुंचने के लिए और इंतजार करना होगा।


डुंगेल द्वारा 42वें, 46वें और 68वें मिनट में किए गए गोल की मदद से मेजबान टीम ने चेन्नई को 3-1 से हराया और 23 नवम्बर को चेन्नई में चेन्नयन एफसी के हाथों मिली 0-3 की हार का हिसाब बराबर कर लिया। मेहमान टीम के लिए एकमात्र गोल अनिरुद्ध थापा ने 79वें मिनट में किया।
आईएसएल-4 में हैट्रिक लगाने वाले पहले भारतीय डुंगेल के प्रयासों से मिली इस बड़ी जीत के साथ मेजबान टीम ने खुद को 10 टीमों की अंक तालिका में बेहतर स्थिति में लाने की ओर एक बड़ा कदम बढ़ाया है। डुंगेल ने नार्थईस्ट युनाइटेड के लिए आईएसएल इतिहास की पहली हैट्रिक लगाई।
मेजबान टीम ने इस जीत के बाद भी हालांकि उसके खाते में 10 मैचों से 11 अंक ही हैं और वह इस मैच से पहले की ही तरह नौवें स्थान पर ही बनी रहेगी लेकिन इस जीत ने उसे जो आत्मविश्वास दिया है, उसके दम पर वह अपने आगे के मैचों में जीत हासिल करते हुए प्लेआॅफ का सपना साकार कर सकती है।
दूसरी ओर, इस हार के बावजूद चेन्नई की टीम 11 मैचों से 20 अंक लेकर दूसरे स्थान पर बनी हुई है। उसकी रणनीति मेजबान टीम को हराते हुए बेंगलुरू एफसी से पहला स्थान छीनने की थी लेकिन डुंगेल ने उसकी रणनीति पर पानी फेर दिया। हालांकि इस हार के बाद भी चेन्नई की टीम प्लेआॅफ की दौड़ में मजबूती से शामिल है। उसकी 11 मैचों में यह तीसरी हार है जबकि मेजबान टीम की इतने ही मैचों में यह तीसरी जीत है।
पहले हाफ का अधिकांश समय सुनसान बीतने के बाद पहला बड़ा क्षण 42वें मिनट में आया, जब डुंगेल ने मेजबान टीम का खाता खोला। डुंगेल ने सेजारियो का प्रयास असफल होने के बाद हुए रीबाउंड पर यह गोल किया। करणजीत सिंह ने सेजारियो का तेज शॉट रोक दिया था लेकिन वह गेंद पर नियंत्रण नहीं रख सके। डुंगेल पास ही थे और उन्होंने तीन-चार कदम दौड़ते हुए गेंद को पोस्ट में डाल दिया।
पहले हाफ के अंतिम मिनटों में हुए इस गोल के अलावा इस हाफ में दोनों टीमों की ओर से कोई बड़ा हमला नहीं हुआ। कुछ एक हमले हुए लेकिन वे बेकार चले गए। जहां तक गेंद पर नियंत्रण का सवाल है तो इसमें मेहमान टीम आगे रही लेकिन बढ़त हासिल करने जब बारी आई तो किस्मत ने मेजबानों का साथ दिया।
मेजबान टीम के लिए दूसरे हाफ की शुरुआत धमाकेदार रही। डुंगेल ने खेल शुरू होने के 17 सेकेंड के अंदर गोल करते हुए अपनी टीम को 2-0 से आगे कर दिया। डुंगेल ने यह गोल डानिलो के पास पर किया। दूसरे हाफ का खेल शुरू होने के बाद सिर्फ तीन पास ने चेन्नई को 0-2 से पीछे कर दिया। इस गोल में सेजारियो ने भी अहम भूमिका अदा की।
इसके बाद लगा कि मेहमान टीम वापसी कर लेगी लेकिन उसकी अग्रिम पंक्ति लय नहीं पकड़ पा रही थी। इस बीच, पहले से ही लय में चल रहे डुंगेल ने होलीचरण नारजारे की मदद से 68वें मिनट में एक और गोल करते हुए मेजबान टीम को 3-0 से आगे कर दिया। डुंगेल का यह गोल मेजबानों की जीत पर मुहर लगाने वाला साबित हुआ।
मेहमान टीम ने हालांकि वापसी की उम्मीद नहीं छोड़ी थी। उसने 79वें मिनट में किए गए गोल की मदद से हार के अंतर को कम करने का प्रयास किया। उसके लिए मैच का पहला और अंतिम गोल थापा ने 79वें मिनट में किया। इनिगो काल्डेरान का शॉट रीगन सिंह द्वारा ब्लॉक किए जाने के बाद गेंद थापा के पास गिरी, जिसे वॉली के जरिए उन्होंने गोलपोस्ट के अंदर पहुंचा दिया लेकिन इससे पूर्व चैम्पियन को कोई फायदा नहीं हुआ।

