जमशेदपुर: भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोपरि रखते हुए एक ऐतिहासिक और सख्त कदम उठाया है। प्रतिष्ठित पटना – टाटा वंदे भारत एक्सप्रेस में परोसे गए भोजन की गुणवत्ता को लेकर मिली शिकायत पर रेलवे ने ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाते हुए अपनी ही अनुषंगी कंपनी आईआरसीटीसी (IRCTC) और संबंधित सर्विस प्रोवाइडर (ठेकेदार) पर भारी-भरकम जुर्माना लगाया है। रेलवे की इस बड़ी कार्रवाई से कैटरिंग से जुड़े ठेकेदारों में हड़कंप मच गया है।
READ MORE :Indian Railways speed test :DDU से धनबाद तक 180 किमी/घंटा स्पीड ट्रायल सफल, रेल नेटवर्क को नई रफ्तार
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 मार्च 2026 को ट्रेन संख्या 21896 (पटना – टाटानगर वंदे भारत एक्सप्रेस) में सफर कर रहे एक यात्री ने भोजन की खराब गुणवत्ता को लेकर गंभीर शिकायत दर्ज कराई थी। वंदे भारत जैसी प्रीमियम और हाई-स्पीड ट्रेन में इस तरह की घोर लापरवाही को रेल मंत्रालय ने बेहद गंभीरता से लिया। मामले की त्वरित जांच की गई और शिकायत सही पाए जाने पर रेलवे बोर्ड ने तत्काल एक्शन लेने के निर्देश दिए।
जुर्माना और कॉन्ट्रैक्ट टर्मिनेशन के सख्त आदेश
यात्रियों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों को कड़ा संदेश देते हुए, भारतीय रेलवे ने निम्नलिखित दंडात्मक कार्रवाई की है:
IRCTC पर एक्शन: रेलवे ने अपनी ही कंपनी इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन (IRCTC) की जवाबदेही तय करते हुए उस पर ₹10 लाख का जुर्माना ठोका है।
सर्विस प्रोवाइडर पर गाज: जिस वेंडर या सर्विस प्रोवाइडर को खाना परोसने की जिम्मेदारी दी गई थी, उस पर ₹50 लाख का भारी-भरकम जुर्माना लगाया गया है।
कॉन्ट्रैक्ट रद्द: जुर्माने के साथ-साथ रेलवे ने संबंधित ठेकेदार के कैटरिंग कॉन्ट्रैक्ट (Contract Termination) को तत्काल प्रभाव से रद्द करने के स्पष्ट आदेश जारी कर दिए हैं।
“गुणवत्ता और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं”
इस बड़ी कार्रवाई पर भारतीय रेलवे के प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा और उन्हें परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि भारतीय रेलवे, IRCTC के विशाल नेटवर्क के माध्यम से प्रतिदिन 15 लाख से अधिक यात्रियों को भोजन परोसता है। यह दुनिया के सबसे बड़े ‘ऑनबोर्ड खाद्य संचालनों’ (Onboard Catering Operations) में से एक है।
प्रवक्ता ने कहा कि इस कैटरिंग मिशन की आधारशिला ही ‘यात्री सुरक्षा और खाद्य गुणवत्ता’ है। रेलवे ने साफ चेतावनी दी है कि भोजन के मानकों का कोई भी उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसा करने वालों पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पटना-टाटानगर रूट पर यात्रा करने वाले लोगों ने रेलवे के इस सख्त और त्वरित कदम की जमकर सराहना की है।



