नई दिल्ली।
कानपुर और इटावा के बीच औरैया जिले में अछल्दा स्टेशन के पास बुधवार तड़के एक बड़ा रेल हादसा हो गया। आजमगढ़ से दिल्ली आ रही 12225 (अप) कैफियत एक्सप्रेस डंपर से टकराने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसके बाद ट्रेन के 12 डिब्बे पटरी से उतर गए। इस हादसे में 75 लोग घायल हो गए हैं।
रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने हादसे की जानकारी देते हुए कहा, रेलवे के सीनियर अधिकारियों को घटनास्थल पर भेजा रहा है। घटना के बाद अप और डाउप लाइन ठप हो गई है। कानपुर शताब्दी सहित 12 ट्रेनें निरस्त कर दी गई हैं और सभी राजधानी सहित 51 ट्रेनों के रूट बदले गए हैं। दिल्ली-हावड़ा रूट पूरी तरह बाधित हो गई। 4 राजधानी एक्सप्रेस और गोमती एक्सप्रेस का मार्ग बदला गया है।
रेलवे के पीआरओ अनिल सक्सेना ने बताया कि दुर्घटना की वजह से ट्रेन के इंजन सहित 12 डिब्बे पटरी से उतर गए। इस हादसे में 50 लोगों घायल होने की खबर है। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे के अफसर मौके पर पहुंचे। यह घटना तड़के सुबह करीब 2.50 बजे हुई। रेलवे कंट्रोल रूम ने घटना की पुष्टि के साथ ही राहत एवं बचाव कार्य चलाने का दावा किया। घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक सूचना के अनुसार ट्रैक के करीब फ्रेट कॉरिडोर का काम चल रहा था। इसी के काम में लगा डंपर मानव रहित क्रासिंग पर ट्रेन से टकराया। ट्रेन हादसे की सूचना पर सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में कुलपति डॉक्टर ब्रिगेडियर टी प्रभाकर ने सभी डॉक्टरों को अलर्ट कर दिया है। घायलों के इलाज के लिए यहां लाया जा रहा है। एसडीएम सैफई व सीओ सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के ट्रामा सेंटर और इमरजेंसी में पूरी तैयारी के साथ मौजूद है।
गौरतलब है कि अभी शनिवार को ही पुरी से हरिद्वार जाने वाली उत्कल एक्सप्रेस मुजफ्फरनगर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई थी जबकि 156 लोग घायल हुए थे।


