जमशेदपुर।
समाहरणालय सभागार में कोल्हान प्रमंडल आयुक्त विजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में विधि व्यवस्था के संधारण हेतु अन्तर राज्य/अंतर जिला समन्वय बैठक आहूत की गईI बैठक का मुख्य उद्देश्य चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था कायम करना साथ ही आपस में समन्वय स्थापित कर असामाजिक तत्वों एवं नक्सलियों पर पूरी तरह दबाव बनाना जिससे वो चुनाव के दौरान किसी प्रकार की घटनाओं को अंजाम न दे सके। कोल्हान के तीनों जिलों की सीमाए बंगाल और उड़ीसा राज्य की सीमा से सटे होने के कारण आपस में तीनों राज्यों के पुलिस की आपसी समन्वय काफी महत्वपूण हो जाती है। आज के बैठक में मुख्य रूप से सीमावर्ती स्थानों पर आपसी समन्वय स्थापित कर चेक प्वाइंट बनाने के साथ ही संयुक्त रूप से एलआरपी करने पर भी विचार विमर्श किया गया। वहीं ससमय सूचनाओं का आदान प्रदान करने पर भी चर्चा की गई जिसके आधार पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।बैठक में मुख्य रूप से तीनों राज्यों के सीमावर्ती क्षेत्रों में आपसी समन्वय स्थापित कर असामाजिक तत्वों के खिलाफ संयुक्त रूप से अभियान चलाने पर जोर दिया गया। वहीं आचार संहिता के उल्लघंन मामले में भी संयुक्त रूप से कार्रवाई करने पर विचार विमर्श किया गया। क्लस्टर प्वाइंट पर अर्धसैनिक बल के लिए बुनियादी सुविधा उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की गई। कोल्हान के डीआईजी ने सभी उपायुक्त एवं आरक्षी अधीक्षक को क्लस्टर प्वाइंट पर सुरक्षा बल के साथ ही पोलिंग पार्टी के लिए बुनियादी सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। वहीं उन्होंने पोलिंग पार्टी एवं सुरक्षा बल को संयुक्त रूप से ब्रीफ करने का निर्देश दिया। पोलिंग पार्टी एवं सुरक्षा बलों को फर्स्ट एड कीट में आवश्यक जीवन रक्षक दवाएं जरूर देने का निर्देश दिया। आयुक्त, कोल्हान प्रमंडल ने बताया कि कोल्हान प्रमंडल में 29 मार्च को पुन: मतदाता पंजीकरण कैम्प का आयोजन होना है ऐसे में जिले के वरीय पदाधिकारी ये सुनिश्चित करायें कि किसी भी मतदाता का पंजीकरण ना छूटेI निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान केन्द्रों पर पेयजल, शौचालय, बिजली और दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैम्प की व्यवस्था सुनिश्चित कराने हेतु भी निदेशित किया गया। साथ ही सुदूरवर्ती क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की उपलब्धता हेतु टेलिकॉम ऑपरेटर्स के साथ बैठक कर ससमय चीजें व्यवस्थित करने को कहा गयाI किसी भी आपातकालीन स्थिति यथा मेडिकल, सुरक्षा, परिवहन से निपटने के लिए भी बैठक में मौजूद सभी वरीय पदाधिकारियों को आयुक्त, कोल्हान प्रमंडल द्वारा निदेशित किया गयाI इस अवसर पर डीआईजी,कोल्हान, डीआईजी- ऑपरेशन, सीआरपीएफ-चाईबासा, उपायुक्त- पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर, रांची, खूंटी, चाईबासा, सरायकेला खरसांवा,डीएम-सुन्दरगढ़, वरीय पुलिस अधीक्षक- पूर्वी सिंहभूम, रांची, पुलिस अधीक्षक-राउरकेला, झारग्राम, मयूरभंज, खूंटी, चाईबासा, सरायकेला खरसावां, क्योंझर, पुरुलिया, पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण पूर्वी सिंहभूम, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे
