जमशेदपुर -मंजिल उन्हीं को मिलती है जिनके सपनों में जान होती है, पंख से कुछ नहीं होता हौसलों से उड़ान होती है-सीपी सिंह

जमशेदपुर।
झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवासन तथा परिवहन मंत्री श्री सी पी सिंह ने कहा कि एमओयू के बाद धालभूमगढ़ एयरपोर्ट का निर्माण कार्य प्रारंभ होगा। देवघर, दुमका, डाल्टनगंज, बोकारो में भी काम चालू है। उन्होंने कहा कि हवाई अड्डों की इस श्रृंखला से हर व्यक्ति को हवाई यात्रा करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि ओडीशा और बंगाल के लोगों को भी धालभूमगढ़ हवाई अड्डे के विकास से लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि आज झारखंड में अच्छी सड़कों का बहुत बड़ा नेटवर्क विकसित हुआ है। केंद्रीय मंत्री के कुशल नेतृत्व में एनएचआई के माध्यम से अच्छी सड़कों का निर्माण हो रहा है। वाराणसी से पटना होते हुए राज्य के साहेबगंज तक जहाज परिचालन का कार्य शुरू होने वाला है।
मंत्री श्री सी पी सिंह ने कहा कि पूर्वी सिंहभूम जिला मुख्यालय से निश्चित रूप से धालभूमगढ़ हवाई अड्डे की दूरी अधिक है लेकिन अच्छी सड़कों के कारण यह दूरी कम समय में तय की जा सकती है और देश दुनिया में जितने भी अच्छे और बड़े हवाई अड्डे हैं वे खुली जगह में बने हैं।

मंत्री श्री सी पी सिंह ने कहा कि आज राज्य में बहुआयामी विकास हुए हैं। यह मुख्यमंत्री की प्रबल इच्छाशक्ति का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने विकास के कार्यों में दिलचस्पी ली है और उसका परिणाम आज फलीभूत हो रहा है।
सी पी सिंह ने कहा कि मंजिल उन्हीं को मिलती है जिनके सपनों में जान होती है, पंख से कुछ नहीं होता हौसलों से उड़ान होती है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार केवल सपने दिखाने का नहीं बल्कि सपनों को पूरा करने का भी कार्य कर रही है। ऊंचे और दिव्य सपने वही होते हैं जिन्हें पूरा किए बिना नींद ही नहीं आये। आज राज्य में झोपड़ी के स्थान पर पक्के मकान बनाए जा रहे हैं। घर घर में शौचालय बन गए हैं जो कि कभी सोचा नहीं गया था वह कार्य आज देशभर में हुए हैं। 2020 तक झारखंड में सभी का अपने आशियाने का सपना पूरा होगा। राज्य के हर कोने में आज बिजली पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि सरकार के नेक इरादों और दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रतिफल है कि राज्य हर दिशा में विकास कर रहा है।
जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद श्री विद्युत वरण महतो ने कहा कि आज पूर्वी सिंहभूम एवं धालभूमगढ़ क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक दिन है। यह स्वर्णिम दिन सूबे के मुख्यमंत्री के शुभ संकल्पों का परिणाम है। लगातार पांच वर्षों के अथक प्रयास से यह शुभ अवसर प्राप्त हुआ है। राज्य के मुखिया ने तमाम बाधाओं के बावजूद हमेशा इस कार्य को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया है। हवाई अड्डे के विकास से क्षेत्र के आर्थिक विकास के नए रास्ते खुलेंगे।
Comments are closed.