जमशेदपुर। 68वें सास्था प्रीति महोत्सव के तीसरे दिन आज यहां बिष्टुपुर खरकई लिंक रोड स्थित मंदिर में पूजा की शुरुआत प्रथम पूज्य भगवान गणपति की पूजा एवं होम के साथ की गयी, उसके बाद भगवान वरुण के लिए कलश स्थापना की गयी, 24 भगवान के लिए कलश स्थापित कर भगवान का आह्वान किया गया। 11 बार रुद्र और चमक का पाठ किया गया, जिसके साथ होम भी किया गया। भगवान को भोग लगाकर दीप आराधना की गयी, जिसके बाद सैकड़ों लोगों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। शाम को भगवती सेवा का आयोजन हुआ, जिसमें गणेश, मां भगवती एवं मां सरस्वती के नाम से तीन दीपक स्थापित कर उनका पूजन कर ललिता सहस्त्रनाम पाठ करते हुए पूजा की गयी, उसके पश्चात ललिता त्रिसदी पाठ कर मां भगवती को प्रसन्न किया गया। ललिता अष्टोत्तर का पाठ भी किया गया। इसके पश्चात दुर्गा शप्तशति के पांचवे अध्याय को पढ़ा गया, इसके बाद भोग चढ़ाकर दीप आराधना की गयी एवं सभी के बीच प्रसाद वितरण किया गया। पूजन के दौरान मंदिर कमिटी के कार्यकारी अध्यक्ष पी. एन. शंकरऩ यजमान के रूप में विराजमान थे, जो विद्वान पंडितों के निर्देश पर पूजा सम्पन्न कर रहे थे।
