रांची। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा में झारखंड के परीक्षार्थियों ने परचम लहराया है। राज्य के करीब 2 दर्जन छात्र-छात्रओं को इस प्रतिष्ठित परीक्षा में कामयाबी मिली। धनबाद के कर्ण सत्यार्थी राज्य के टॉपर हैं, उन्होंने नौवां स्थान हासिल कर झारखंड का मान बढ़ाया। रांची के परीक्षार्थियों ने तो कमाल ही कर दिया। राजधानी के चार बच्चे टॉप 100 में आने में सफल रहे। यहां की मेघा को 32वां, कुमार आशीर्वाद को 35वां, ईशा प्रिया को 75वां और सुमंत सहाय को 89वां स्थान हासिल हुआ है। मेघा का इससे पूर्व इंडियन फारेस्ट सर्विस में चयन हुआ था, वर्तमान में वह देहरादून में ट्रेनिंग ले रही हैं। आर्शीवाद, ईशा और सुमंत ने इंजीनियरिंग करने के बाद इस परीक्षा में अपना परचम लहराया। चतरा के एसपी अंजनी कुमार झा को 165 वां स्थान प्राप्त हुआ।
