
रांची।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के लिए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह बुधवार को रांची पहुंचे। उनके आगमन पर नरेंद्र मोदी युवा ब्रिगेड, झारखंड प्रदेश की टीम ने रांची एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया।


स्वागत समारोह के दौरान युवा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। प्रदेश संयोजक सतीश कुमार सिंह, सह संयोजक राकेश मधु (बोकारो), अमित कुमार (धनबाद), अप्पू जयसवाल, राजेंद्र जी समेत बड़ी संख्या में ब्रिगेड के सदस्य एयरपोर्ट पर मौजूद रहे। सभी ने गर्मजोशी के साथ केंद्रीय मंत्री को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और नारेबाजी के साथ स्वागत किया।
इस मौके पर सतीश कुमार सिंह ने कहा, “गिरिराज सिंह जैसे राष्ट्रवादी नेता का झारखंड आगमन हमारे लिए गौरव की बात है। हम सभी युवा लोकतंत्र की रक्षा, देशभक्ति और समाज सेवा के पथ पर अडिग हैं।” उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी युवा ब्रिगेड न केवल राजनीतिक रूप से बल्कि सामाजिक रूप से भी युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सहभागी बना रही है।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी अपने संक्षिप्त उद्बोधन में आपातकाल को लोकतंत्र पर सबसे बड़ा हमला करार दिया। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इतिहास को जानें, समझें और संविधान की रक्षा के लिए सजग रहें। उन्होंने नरेंद्र मोदी युवा ब्रिगेड की सक्रियता की सराहना की और कहा कि “युवाओं का जोश देश को बदलने की ताकत रखता है।”
इस मौके पर युवाओं ने लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प दोहराया और एकजुटता का प्रदर्शन किया। एयरपोर्ट पर “भारत माता की जय”, “लोकतंत्र अमर रहे” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा।
कार्यक्रम को लेकर रांची शहर में भाजपा कार्यकर्ताओं और युवा वर्ग के बीच भारी उत्साह देखा गया।