
नई दिल्ली। झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान मंगलवार को हो जाएगा। दोपहर 3.30 बजे चुनाव आयोग इसकी घोषणा करेगा। नई दिल्ली में चुनाव आयोग की ओर से झारखंड और महाराष्ट्र चुनावों के साथ बिहार विधानसभा उपचुनाव के लिए भी तारीखों का ऐलान किए जाने की संभावना है।


झारखंड विधानसभा का 5 जनवरी 2025 को पूरा हो रहा है कार्यकाल
भारत निर्वाचन आयोग की ओर से नई दिल्ली के विज्ञान भवन में अपराह्न 3.30 बजे प्रेस कांफ्रेंस बुलाई गई है। झारखंड विधानसभा का कार्यकाल आगामी 5 जनवरी 2025 को पूरा हो रहा है। जबकि महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को पूरा हो रहा है। ऐसी स्थिति में महाराष्ट्र के साथ ही झारखंड का चुनाव कराए जाने की तैयारी है।
मुख्य चुनाव आयोग की टीम ने झारखंड का किया था दौरा
मुख्य चुनाव आयुक्त के नेतृत्व में भारत निर्वाचन आयोग की टीम ने पिछले दिनों झारखंड का दौरा भी किया था। सभी पार्टियों से चुनाव को लेकर फीडबैक लिया था। राजनीतिक दलों की ओर से दीपावली और छठ के बाद चुनाव कराए जाने का आग्रह किया गया था। 2019 में झारखंड में पांच चरण में चुनाव कराए गए थे।