जमशेदपुर। मानगो नगर निगम मेयर पद की प्रत्याशी ज़ेबा ख़ान ने नामांकन से पहले रोड नंबर-17 स्थित अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ़्रेंस के माध्यम से चुनावी बिगुल फूंका। उन्होंने कहा कि यह चुनाव किसी कुर्सी या पद का नहीं, बल्कि मानगो की जनता के सम्मान, अधिकार और सुरक्षित भविष्य की लड़ाई है।



सड़क, पानी, सफ़ाई जैसी बुनियादी सुविधाओं पर सवाल
ज़ेबा ख़ान ने कहा कि मानगो जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्र में आज भी सड़क, पेयजल, साफ़-सफाई, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं की भारी कमी है। वर्षों से सत्ता में बैठे लोगों ने सिर्फ़ वादे किए, लेकिन ज़मीनी स्तर पर समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब जवाब चाहती है, सिर्फ़ आश्वासन नहीं।
मानगो में डर का माहौल, जनता बदलाव चाहती है
प्रेस कॉन्फ़्रेंस में ज़ेबा ख़ान ने कहा कि मानगो में भय का माहौल बनाया गया है। लोग बदलाव चाहते हैं, लेकिन खुलकर सामने आने से डरते हैं।उन्होंने दो टूक कहा—“मानगो को डर नहीं, हक़ चाहिए। चुप्पी नहीं, आवाज़ चाहिए।”उन्होंने जनता से अपील की कि वे भय से बाहर निकलें और सच्चाई व इंसाफ़ के साथ खड़े हों।
वार्ड प्रत्याशी भी रहे मौजूद
इस प्रेस वार्ता में वार्ड नंबर 30 और वार्ड नंबर 1 के प्रत्याशी भी ज़ेबा ख़ान के साथ मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि मानगो को एक पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी नगर निगम की आवश्यकता है।
मानगो की बेटी, मानगो की आवाज़
खुद को “मानगो की बेटी” बताते हुए ज़ेबा ख़ान ने कहा कि वे यहीं पली-बढ़ी हैं और यहां की हर समस्या को नज़दीक से समझती हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि जनता ने उन्हें मौका दिया, तो नगर निगम में पारदर्शी प्रशासन, महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं के लिए रोज़गार, स्वच्छ मानगो और बिना भेदभाव के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।उन्होंने कहा—“यह चुनाव ज़ेबा ख़ान का नहीं, मानगो के भविष्य का चुनाव है।”
READ MORE :Jamshedpur News :आम बजट किसानों-युवाओं के साथ अन्याय, डर और निराशा का दस्तावेज़ है: कुणाल षाड़ंगी
सोमवार को नामांकन रैली
ज़ेबा ख़ान ने जानकारी दी कि सोमवार सुबह 11 बजे जवाहरनगर स्थित उनके कार्यालय से नामांकन रैली निकाली जाएगी। रैली में घटक दलों के नेता और सैकड़ों की संख्या में समर्थक शामिल होंगे। यह रैली जवाहरनगर से ओल्ड पुरुलिया रोड होते हुए मानगो से डीसी कार्यालय, जमशेदपुर पहुंचेगी, जहां नामांकन दाखिल किया जाएगा।





