
जमशेदपुर। सवर्ण समाज के हितों के लिए कार्यरत संगठन सवर्ण महासंघ फाउंडेशन ऑफ इंडिया ने अपने संगठनात्मक विस्तार की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए एक अहम निर्णय लिया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री धनुर्धर त्रिपाठी की अनुशंसा पर मनीष सिंह “वंदन” को सरायकेला-खरसावां जिले का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।


नव-नियुक्त जिलाध्यक्ष मनीष सिंह ने अपनी पहली प्रेस वार्ता साकची के एक प्रतिष्ठित होटल में आयोजित की, जहां उन्होंने संगठन की भावी योजनाओं और उद्देश्य पर प्रकाश डाला। मनीष सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान झारखंड प्रदेश अध्यक्ष श्री बीरेंद्र सिंह का विशेष आभार जताया और कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, वह उस पर पूरी निष्ठा से खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि सवर्ण समाज भी देश और राज्य के निर्माण में बराबर की भागीदारी रखता है, लेकिन इसके बावजूद समाज के इस वर्ग को आज भी संगठनात्मक और नीतिगत स्तर पर वह प्रतिनिधित्व नहीं मिला है, जो मिलना चाहिए। उन्होंने मांग की कि जैसे अन्य सामाजिक वर्गों के लिए आयोग गठित हैं, वैसे ही सवर्ण समाज के लिए भी एक पृथक आयोग का गठन होना चाहिए। यही इस संगठन के अस्तित्व की मूल भावना है।
मनीष सिंह ने कहा कि सरायकेला-खरसावां जिले के सवर्ण समाज को संगठित कर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती देने का कार्य उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने जिले के समस्त सवर्ण समाज से आग्रह किया कि वे अपनी ‘गिलहरी भूमिका’ निभाते हुए संगठन को मजबूत करें और एकजुट होकर समाज के हक की आवाज बुलंद करें।
उन्होंने यह भी कहा कि संगठन केवल विरोध या मांगों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सामाजिक एकता, शिक्षा, युवा सशक्तिकरण, और सामाजिक समरसता के क्षेत्रों में भी सक्रिय भूमिका निभाएगा।
प्रेस वार्ता के अंत में उन्होंने यह संकल्प लिया कि वे कंधे-से-कंधा मिलाकर सभी पदाधिकारियों और समाज के लोगों के साथ आगे बढ़ेंगे और संगठन को एक नई ऊंचाई पर ले जाएंगे।