जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में बढ़ते जल संकट को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय सिंह आजाद ने उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी से मुलाकात कर बागबेड़ा ग्रामीण वृहत जलापूर्ति योजना को जल्द शुरू करने की मांग की। उन्होंने आमजनता के हित और मानवता के दृष्टिकोण से वैकल्पिक व्यवस्था लागू करने का सुझाव दिया।
READ MORE :Jamshedpur News :बहरागोड़ा में 108 कलश यात्रा के साथ चूड़ा प्रतिष्ठा, भक्तिमय माहौल में संपन्न आयोजन
फ्लोटिंग पंप लगाने का सुझाव
संजय सिंह आजाद ने उपायुक्त को सुझाव दिया कि खरकई नदी के कुसुम घाट क्षेत्र में फ्लोटिंग पंप लगाकर मतलाडीह फिल्टर प्लांट तक पानी पहुंचाया जा सकता है। इससे जलापूर्ति योजना को जल्द शुरू कर लोगों को राहत दी जा सकती है।
दो चरणों में जलापूर्ति योजना
उन्होंने प्रस्ताव रखा कि पहले चरण में लगभग 12 हजार परिवारों को प्रतिदिन 500 लीटर पानी उपलब्ध कराया जाए, जिससे लाखों लोगों को राहत मिल सके। वहीं दूसरे चरण में करीब 8 हजार घरों तक जलापूर्ति सुनिश्चित कर गर्मी के मौसम में जल संकट से निजात दिलाई जा सकती है।
READ MORE :Jamshedpur News :टुइलाडुंगरी शीतला माता मंदिर में रघुवर दास ने टेका माथा, राज्य कल्याण की कामना
उपायुक्त ने दिया आश्वासन
मुलाकात के दौरान संजय सिंह आजाद ने उपायुक्त को एक रेखांकित ड्राइंग भी सौंपी, जिसमें इस योजना का प्रारूप प्रस्तुत किया गया। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए इसकी सराहना की और उचित संज्ञान लेने का आश्वासन दिया।
सकारात्मक पहल की उम्मीद
संजय सिंह आजाद ने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाएगा और जल्द ही इस योजना का लाभ आम जनता तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि यह पहल हजारों लोगों के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकती है।
अन्य प्रतिनिधि भी रहे मौजूद
इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष आशीष ठाकुर भी मौजूद रहे और उन्होंने भी इस प्रस्ताव का समर्थन किया।



