पोटका: विजयादशमी के अवसर पर पोटका प्रखंड अंतर्गत गोपालपुर स्थित श्री श्री सार्वजानिक दुर्गा पूजा कमेटी, आसनबनी द्वारा भव्य रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पोटका के विधायक संजिव सरदार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने रावण दहन कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया और उपस्थित जनसमूह के साथ इस ऐतिहासिक पर्व के सहभागी बने।
*असत्य पर सत्य की विजय का संदेश है दशहरा – संजीव सरदार*
अपने संबोधन में विधायक संजीव सरदार ने कहा कि “दशहरा हमें कई गहरे विचार और प्रेरणाएँ देता है। यह केवल एक पौराणिक घटना का उत्सव नहीं है, बल्कि जीवन के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश है। यह पर्व सिखाता है कि चाहे बुराई कितनी भी शक्तिशाली और अहंकारी क्यों न हो, अंततः जीत हमेशा सत्य और धर्म की ही होती है।”
*विधायक का संदेश – अपनाएँ अच्छाई और सकारात्मकता*
रावण दहन कार्यक्रम के दौरान लोगों ने पटाखों और आतिशबाजी का भरपूर आनंद लिया। इस मौके पर विधायक ने क्षेत्रवासियों को दशहरे की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि “यह पर्व हमें बुराई और नकारात्मकता को त्यागकर अच्छाई और सकारात्मकता को अपनाने की प्रेरणा देता है। हर व्यक्ति अपने जीवन में राम के आदर्शों को आत्मसात करे, यही सच्ची विजयादशमी है।”


