जमशेदपुर। भारत की अग्रणी और भरोसेमंद बिल्डिंग मटीरियल कंपनी न्युवोको विस्टास कॉर्प लिमिटेड ने बुधवार, 28 जनवरी को जमशेदपुर के पंचायत भवन, छोटा गोविंदपुर में अपनी प्रमुख कॉर्पाेरेट सामाजिक जिम्मेदारी (सीएसआर) पहल ‘न्युवोमेसन’ के अंतर्गत राजमिस्त्रियों के लिए रिकग्निशन ऑफ प्रायर लर्निंग (आरपीएल) आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। न्युवोमेसन एक विशेष कौशल विकास कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य राजमिस्त्रियों के तकनीकी कौशल को निखारना, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को सशक्त बनाना और उनके लिए आय के नए अवसर सृजित करना है।



आरपीएल फ्रेमवर्क के तहत यह कार्यक्रम उन अनुभवी लेकिन अनियमित निर्माण श्रमिकों को औपचारिक मान्यता और प्रमाणन प्रदान करता है, जो वर्षों से इस क्षेत्र में कार्यरत हैं। इस पहल के अंतर्गत कुल 100 श्रमिकों को प्रशिक्षित और प्रमाणित किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत जोजोबेरा सीमेंट प्लांट के आसपास के गांवों से चयनित 25 उम्मीदवारों के पहले बैच के साथ हुई। यह बैच लगभग 80 घंटे यानी 10 दिनों की ट्रेनिंग प्राप्त करेगा, जिसमें फर्श एवं दीवार टाइल राजमिस्त्री से जुड़े सैद्धांतिक और व्यावहारिक दोनों पहलुओं को शामिल किया गया है।
READ MORE :Jamshedpur News :32वां एशियाई ज्योतिष सम्मेलन 30 जनवरी से, देश-विदेश के विद्वान ज्योतिषी होंगे शामिल
प्रशिक्षण पाठ्यक्रम नेशनल स्किल्स क्वालिफिकेशन फ्रेमवर्क (एनएसक्यूएफ) के अनुरूप है और सफल समापन पर प्रतिभागियों को नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉर्पाेरेशन (एनएसडीसी) से प्रमाणन मिलेगा। दूसरा बैच शीघ्र ही आरंभ किया जाएगा। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम कोलकाता की एमएनजी एकेडमी के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह में पंचायत प्रतिनिधियों, न्युवोको के डीलर, एमएनजी एकेडमी के प्रतिनिधि, प्लांट अधिकारी एवं प्रशिक्षु उपस्थित रहे। इस अवसर पर जोजोबेरा सीमेंट प्लांट के प्लांट हेड श्री हरि किशोर गरिकपति ने कहा कि न्युवोमेसन समुदाय के सशक्तिकरण और स्थायी आजीविका को बढ़ावा देने की दिशा में कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।





