जमशेदपुर। भारत की अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त लोकगायिका डॉ. नीतू कुमारी नूतन ऑस्ट्रेलिया में छठ पर्व और भारतीय लोक संस्कृति का जादू बिखेरेंगी। भारत सरकार के इंडियन काउंसिल फॉर कल्चरल रिलेशंस (ICCR) ने उन्हें 12 सदस्यीय सांस्कृतिक दल के साथ ऑस्ट्रेलिया भेजा है।
डॉ. नूतन और उनकी टीम 25 अक्टूबर से 2 नवम्बर तक मेलबोर्न और सिडनी के विभिन्न सांस्कृतिक मंचों पर बिहार और भारत की पारंपरिक लोककला, लोकगीत और लोकनृत्य की शानदार प्रस्तुतियाँ देंगी। यह कार्यक्रम दीपावली और छठ पर्व की सांस्कृतिक भावना को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
READ MORE Jamshedpur News :छठ पूजा पर टाटा टी अग्नि ने लॉन्च किए टिकुली कला से सजे लिमिटेड एडिशन फेस्टिव पैक
इस दौरान डॉ. नूतन बिहार के चंपारण की प्रसिद्ध ‘पीड़िया शैली’ और बिंबो लोककला को आधुनिक रंग-रूप में प्रस्तुत करेंगी। उनके प्रदर्शन के माध्यम से प्रवासी भारतीयों और विदेशी दर्शकों को भारत की समृद्ध लोक परंपरा और आस्था से परिचित कराने का अवसर मिलेगा।
इस अंतरराष्ट्रीय प्रस्तुति को लेकर सम्पूर्ण भोजपुरी विकास मंच के महामंत्री प्रदीप सिंह भोजपुरिया ने डॉ. नीतू कुमारी नूतन को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि “नूतन जी ने बिहार की लोकसंस्कृति को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाई है। यह न केवल बिहार, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।”
उन्होंने भारत सरकार और आईसीसीआर के प्रति भी आभार व्यक्त किया कि उन्होंने भारतीय लोककलाकारों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया।
डॉ. नीतू कुमारी नूतन की यह यात्रा भारतीय लोक परंपरा, आस्था और छठ पर्व की आध्यात्मिकता को विश्व मंच पर नई पहचान दिलाने का कार्य करेगी।


