
जमशेदपुर,:
जमशेदपुर में बीते तीन दिनों से हो रही मूसलधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। शहर के कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। इस गंभीर स्थिति के मद्देनजर जमशेदपुर के सांसद श्री विद्युत वरण महतो ने शुक्रवार को सोनारी मंडल के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर हालात का जायजा लिया।


सांसद ने विशेष रूप से बलराम बस्ती, बच्चा सिंह बस्ती, जाहिरा बस्ती और तिलोभट्टा जैसे क्षेत्रों का निरीक्षण किया, जो बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित हैं। दौरे के दौरान उन्होंने स्थानीय निवासियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित राहत की आवश्यकता पर जोर दिया।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि जलभराव के चलते उनके घरों में पानी घुस गया है, जिससे जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पीने के पानी, बिजली और राशन जैसी बुनियादी सुविधाएं भी बाधित हो गई हैं। श्री महतो ने तत्काल प्रभाव से प्रशासनिक अधिकारियों से राहत कार्य शुरू कराने की मांग की।
सांसद ने जिला प्रशासन और जेएनएसी अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर बाढ़ पीड़ितों को राहत एवं खाद्य सामग्री भी उपलब्ध कराई। इस दौरान उन्होंने खुद जरूरतमंद परिवारों को चावल, दाल, बिस्कुट, पीने का पानी और अन्य आवश्यक वस्तुएं वितरित कीं।
भारतीय जनता पार्टी की स्थानीय इकाई, विशेष रूप से सोनारी मंडल के कार्यकर्ता भी इस आपदा के समय सेवा कार्य में जुटे हैं। पार्टी की ओर से यह सुनिश्चित किया गया कि प्रत्येक जरूरतमंद परिवार तक मदद पहुंचे। सांसद महतो ने उपायुक्त और जेएनएसी के विशेष पदाधिकारी से फोन पर वार्ता कर आमजन की समस्याओं को तत्काल प्राथमिकता देने की अपील की।
Adityapur Small Industries Association :एसिया का एजीएम संपन्न, 19 जुलाई को होंगे संगठनात्मक चुनाव
श्री महतो ने कहा, “मैं इस संकट की घड़ी में हर प्रभावित व्यक्ति के साथ हूं। हम सभी मिलकर इस चुनौती से पार पाएंगे। भाजपा सेवा ही संगठन के मंत्र को लेकर काम कर रही है।”
स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयास से उम्मीद है कि जल्द ही स्थिति पर काबू पाया जाएगा और प्रभावित परिवारों को राहत मिलेगी।