जमशेदपुर।
जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने मंगलवार को शहर के प्रधान डाकघर का दौरा किया और वहां स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र की गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान सांसद महोदय ने आम नागरिकों को मिलने वाली सुविधाओं, सत्यापन प्रक्रिया और पासपोर्ट सेवाओं की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया।
प्रधान डाकघर में सांसद महोदय का स्वागत वरिष्ठ डाकपाल श्री शंकर कुजुर ने किया। उन्होंने सांसद महोदय को अपने कक्ष में बैठाकर पासपोर्ट सेवा केंद्र की सेवाओं और उसके महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं, श्री प्रकाश कुमार मिंज, सहायक अधीक्षक क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (वर्तमान में सत्यापन अधिकारी, डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र), ने पासपोर्ट आवेदनों की प्रक्रिया, सुविधा और वर्तमान व्यवस्थाओं के बारे में सांसद को विस्तारपूर्वक अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान सांसद महोदय की सादगी और स्वयं आम नागरिक की तरह डाकघर आकर जानकारी लेने की उनकी पहल ने कर्मचारियों व उपस्थित लोगों को प्रभावित किया। उन्होंने बताया कि पूर्व विदेश मंत्री स्व. श्रीमती सुषमा स्वराज जी के प्रयासों से झारखंड में रांची के बाद पहला डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र जमशेदपुर में स्थापित हुआ था। इसका शुभारंभ 19 मार्च 2017 को स्वयं सांसद विद्युत वरण महतो द्वारा किया गया था।
सांसद ने कहा कि पासपोर्ट सेवा केंद्र आम नागरिकों को उनके नजदीकी शहर में ही पासपोर्ट सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। इसके संचालन से ग्रामीण व शहरी क्षेत्र के लोग बिना लंबी यात्रा किए पासपोर्ट की सेवाओं का लाभ ले रहे हैं। इस पहल ने आम जनता को राहत दी है और अब लोग समय पर पासपोर्ट बनवा पा रहे हैं।
वरिष्ठ डाकपाल श्री शंकर कुजुर द्वारा दिखाए गए सम्मान और आत्मीयता से सांसद महोदय ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने डाकघर कर्मचारियों को जनता की सेवा में पूरी निष्ठा से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। सांसद महोदय के इस दौरे ने न केवल पासपोर्ट सेवा केंद्र के महत्व को उजागर किया बल्कि लोगों के बीच इसकी उपयोगिता और भरोसे को भी मजबूत किया।
डाकघर के कर्मचारियों ने सांसद महोदय की इस पहल को प्रेरणादायक बताया और कहा कि इससे उनका मनोबल और भी बढ़ा है। सांसद ने आश्वासन दिया कि जनता की सुविधा और सेवा से जुड़े ऐसे कार्यों को आगे भी प्राथमिकता दी जाएगी।

