जमशेदपुर |



मानगो नगर निगम चुनाव की सरगर्मियों के बीच मेयर पद की दावेदार कुमकुम श्रीवास्तव ने रविवार को अपने आवास पर आयोजित एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से औपचारिक रूप से चुनावी शंखनाद कर दिया। उन्होंने घोषणा की कि वह मंगलवार, 3 फरवरी 2026 को मेयर पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी।
पेयजल होगा सबसे बड़ा एजेंडा
प्रेस वार्ता में कुमकुम श्रीवास्तव ने मानगो के भविष्य को लेकर अपना विज़न साझा करते हुए कहा कि यदि जनता ने उन्हें सेवा का अवसर दिया, तो उनका सबसे पहला और प्रमुख एजेंडा पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करना होगा। उन्होंने कहा कि गर्मी का मौसम आते ही मानगो के कई इलाकों में हर साल गंभीर जल संकट उत्पन्न हो जाता है, जो सीधे आम जनता के जीवन को प्रभावित करता है।
महिला सुरक्षा, स्वच्छता और शिक्षा पर फोकस
उन्होंने बताया कि पेयजल के बाद उनकी प्राथमिकताओं में महिला सुरक्षा, साफ-सफाई व्यवस्था और शिक्षा प्रणाली को मजबूत करना शामिल है। उनका कहना था कि मानगो को सुरक्षित, स्वच्छ और शिक्षित बनाना ही उनके प्रस्तावित मेयर कार्यकाल का मूल मंत्र रहेगा।
भव्य नामांकन कार्यक्रम की घोषणा
कुमकुम श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि 3 फरवरी 2026 को नामांकन के दिन एक भव्य नामांकन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
समय: सुबह 11:30 बजे
स्थान: साकची, मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल के सामने
उन्होंने मानगो की जनता, समर्थकों और आम नागरिकों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।
READ MORE :Jamshedpur News :मानगो मेयर पद पर जदयू का दावा, एनडीए में सम्मानजनक हिस्सेदारी की मांग
राजकुमार श्रीवास्तव ने उठाए जमीनी मुद्दे
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राजकुमार श्रीवास्तव ने भी सशक्त शब्दों में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि मेयर प्रत्याशी ऐसा होना चाहिए जो 24 घंटे जनता के लिए उपलब्ध रहे, न कि जिसे मिलने के लिए पीए या प्रतिनिधि की जरूरत पड़े।
उन्होंने कहा, “मैं मानगो का निवासी हूं, इसलिए पहली दावेदारी मेरी है। मेरे घर का दरवाज़ा जनता के लिए हर समय खुला रहता है।”
अपराध, नशा और स्वास्थ्य सेवाओं पर चिंता
राजकुमार श्रीवास्तव ने मानगो की वर्तमान स्थिति पर गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि क्षेत्र आज पेयजल संकट, बढ़ते अपराध, स्वास्थ्य सेवाओं की कमी और युवाओं में नशे की लत जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी टीम की प्राथमिकता अपराध नियंत्रण, नशामुक्त समाज, स्थायी जल समाधान और सुदृढ़ स्वास्थ्य सेवाएं होंगी।





