जमशेदपुर।
मानगो डिमना चौक के पास एनएच 33 पर जे. के. टायर के गोदाम में लगी भीषण आगजनी की
घटना की संकट की घड़ी में एक बार फिर गुरुद्वारा सिंह सभा मानगो के कमिटि सदस्यों ने मानवता
की मिसाल पेश करते हुए अपना सामाजिक दायित्व निभाया।
मानगो गुरद्वारा कमिटि ने मौके पर मौजूद प्रशासन और क्षेत्र के लोगों के लिए लंगर की तत्काल
व्यवस्था की ताकि आग बुझाने आयी फायर ब्रिगेड की टीम और प्रशासन के अधिकारियों को कोई
परेशानी न हो और समय पर उनको भोजन कराया जा सके।
जिले की उपायुक्त विजया जाधव भी मौके पर मौजूद थीं और उन्होंने आम व्यक्ति की तरह खुद भी
लंगर ग्रहण किया और अन्य प्रशासन के अधिकारियों को भी लंगर छकने का निर्देश दिया। उन्होंने
सामाजिक दायित्व निभाने के लिये कमिटि के युवकों की खूब सराहना की।
मानगो गुरुद्वारा के प्रधान भगवान सिंह ने कहा कि उन्हें जैसे ही पता चला कि मानगो में भीषण आग
लग गयी है और इसे बुझाने में वक्त लगेगा उन्होंने यहाँ की जनता के लिए लंगर, चाय और पानी की
व्यवस्था करने का तुरंत इंतजाम किया और समय पर लंगर सेवा उन तक पहुचाने का काम किया।
भगवान सिंह ने कहा कि कमिटि सदस्य मुख्यरूप से सुखवंत सिंह, कुलवंत सिंह, गुरप्रताप सिंह,
सरबजीत सिंह, सुखदेव सिंह, जगजीत सिंह, बंटी सिंह, राजू सिंह, रुमल सिंह, गुरबचन सिंह व
अवतार सिंह ने सेवाकर्म में उल्लेखनीय भूमिका निभायी जबकि स्थानीय निवासी संतोष कुमार चौबे
ने भी सहयोग किया।

प्रशासनिक अधिकारियों में विशेषरूप से एडीएम नंद किशोर लाल, एसडीएम संदीप कुमार मीणा,
एडीसी सौरभ कुमार सिन्हा, डीटीओ दिनेश रंजन, मानगो नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी
दीपक सहाय, मानगो, उलीडीह, आजादनगर एवं एमजीएम थाना की पुलिस, ट्रैफिक डीएसपी,
इंस्पेक्टर सहित अन्य अधिकारियों ने भी लंगर छका।

