जमशेदपुर।
पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन, मारवाड़ी युवा मंच सुरभि शाखा और लायंस क्लब ऑफ जमशेदपुर प्रीमियम के संयुक्त तत्वावधान में कजरी तीज एवं सिंधारा महोत्सव का भव्य आयोजन रामगढ़िया सभा साकची में किया गया। कार्यक्रम पूरी तरह से राजस्थानी संस्कृति और परंपरा को समर्पित था। आयोजन स्थल को राजवाड़ा थीम पर सजाया गया, जिसने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि लगभग 500 महिलाओं ने हरे, पीले, लाल और नीले जैसे पारंपरिक रंगों के परिधान पहनकर उत्सव में हिस्सा लिया। महिलाओं के लिए विशेष रूप से सजाया गया झूला आकर्षण का केंद्र रहा। मेहंदी, चूड़ी, चूरन, कैंडी जैसे पारंपरिक स्टॉल भी लगाए गए, जो सावन के उत्साह को और बढ़ा रहे थे।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :जुगसलाई में नन्हे कांवड़ियों ने किया बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक
कार्यक्रम में लोकगीत, नृत्य, झूला, मेहंदी, और पारंपरिक खेलों के साथ मनोरंजन का भरपूर तड़का लगा। सावन क्वीन प्रतियोगिता, देवरानी-जेठानी गेम, म्यूजिकल हाउसी, ग्रुप डांस और बच्चों के लिए डांस प्रतियोगिता ने सभी को जोश और उमंग से भर दिया। विजेताओं को स्मार्टफोन समेत कई आकर्षक पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
सोलह श्रृंगार किए हुए महिलाओं ने जब पारंपरिक रैंप वॉक किया, तो माहौल पूरी तरह सावनमय हो गया। म्यूजिकल तंबोला गेम में भी जमकर इनाम बांटे गए, जिससे महिलाओं में खास उत्साह देखा गया।
राजस्थानी और उत्तर भारतीय व्यंजनों की बहार ने स्वाद में चार चांद लगा दिए। लिट्टी-चोखा, क्लब कचौड़ी, मंचूरियन, मोमोज, जलेबी, भेलपुरी, अमेरिकन डोसा, पास्ता, पावभाजी, चाय-मॉकटेल जैसे आइटम्स ने उपस्थित जनों का मन मोह लिया।
READ MORE :AAJ KA RASIFAL :20 जुलाई 2025 रविवार का पंचांग और राशिफल जानें पं कुंतलेश पाण्डेय की जुबानी
इस आयोजन को सफल बनाने में ज्योति अग्रवाल, ममता मुनका, वर्षा चौधरी, मुस्कान अग्रवाल, श्रीजी गर्ग, मनीषा संघी, और अनिता अग्रवाल समेत कई महिलाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस उत्सव ने न केवल राजस्थानी संस्कृति को जीवंत किया, बल्कि सामाजिक समरसता और महिला सशक्तिकरण का भी सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।

