जमशेदपुर। युवा उद्यमी कैरव गांधी के अपहरण मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी, जमशेदपुर महानगर का एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार को वरीय पुलिस अधीक्षक से मिला और ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भाजपा जमशेदपुर महानगर के जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने किया।



READ MORE :Jamshedpur News :स्व. सोना देवी की स्मृति में नेत्र शिविर का आयोजन
शीघ्र व प्रभावी कार्रवाई की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से कैरव गांधी की गुमशुदगी पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए मामले में शीघ्र, प्रभावी और निष्पक्ष जांच की मांग की। भाजपा नेताओं ने कहा कि यह घटना शहर की कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े करती है। ऐसे मामलों में पुलिस प्रशासन को पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए।
कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि अपहरण जैसी घटनाएं आमजन में भय का माहौल पैदा करती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि मामले में जल्द ठोस प्रगति नहीं दिखती है, तो भाजपा जनभावनाओं के अनुरूप लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होगी। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता इस पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
परिवार के साथ खड़ी है भाजपा
संजीव सिन्हा ने कहा कि संकट की इस घड़ी में भाजपा पूरी मजबूती के साथ कैरव गांधी के परिवार के साथ खड़ी है। पार्टी की प्राथमिकता है कि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिले और दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाए।
READ MORE :Jamshedpur News :बसंत पंचमी पर जमशेदपुर सांसद बिद्युत बरण महतो ने सपरिवार की माँ सरस्वती की पूजा
कई पदाधिकारी रहे मौजूद
प्रतिनिधिमंडल में जिला पदाधिकारी प्रदीप महतो, बबुआ सिंह, राजीव सिंह, अनिल मोदी, पप्पू सिंह, कृष्णा शर्मा काली, बिनोद सिंह, उज्ज्वल सिंह सहित अन्य भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में पुलिस प्रशासन से मामले में तेजी लाने और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने की मांग की।
भाजपा नेताओं ने उम्मीद जताई कि पुलिस प्रशासन इस गंभीर मामले को प्राथमिकता में लेते हुए जल्द से जल्द सच्चाई सामने लाएगा और पीड़ित परिवार को राहत मिलेगी।





