जमशेदपुर। जनता दल (यूनाइटेड) ने मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक दावा पेश किया है। जदयू ने भारतीय जनता पार्टी से आग्रह किया है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के तहत मानगो मेयर पद की सीट जनता दल (यूनाइटेड) को दी जाए, ताकि जदयू इस सीट पर एनडीए उम्मीदवार उतार सके। पार्टी नेताओं का कहना है कि जदयू के पास इस पद के लिए एक से अधिक सशक्त और योग्य उम्मीदवार मौजूद हैं।



READ MORE :Jamshedpur News :केंद्रीय बजट 2026-27 भारत को विनिर्माण महाशक्ति बनाएगा: एस. के. बेहरा
सरयू राय से हुई अहम बैठक
रविवार को जदयू जमशेदपुर महानगर के प्रमुख नेताओं ने जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय से उनके आवासीय कार्यालय में भेंट कर यह प्रस्ताव रखा। प्रतिनिधिमंडल में पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, कुलविंदर सिंह पन्नू और युवा जदयू के जिला अध्यक्ष नीरज सिंह शामिल थे।
बैठक के दौरान नेताओं ने स्पष्ट कहा कि मानगो नगर निगम की मेयर सीट जदयू को दी जानी चाहिए, जिससे एनडीए एक मजबूत और सर्वसम्मत उम्मीदवार के साथ चुनाव मैदान में उतर सके।
एकजुट एनडीए उम्मीदवार पर जोर
बैठक में इस बात पर भी सहमति बनी कि एनडीए का एक ही उम्मीदवार मेयर पद के लिए हो, जो संगठनात्मक मजबूती, सामाजिक आधार, जनसमर्थन और कार्यकर्ता बल के साथ चुनाव लड़े, ताकि गठबंधन की जीत सुनिश्चित हो सके।
भाजपा नेतृत्व से वार्ता जारी
विधायक सरयू राय ने बैठक में बताया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने इस विषय पर संपर्क किया है और भाजपा नेतृत्व के साथ बातचीत चल रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे जदयू कार्यकर्ताओं की भावना को भाजपा नेतृत्व के समक्ष मजबूती से रखेंगे और इस मांग को दोहराएंगे।
बन्ना गुप्ता पर तीखा हमला
बैठक में नेताओं ने पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि वे अपनी पत्नी को ढाल बनाकर निर्लज्जता से मेयर चुनाव लड़ रहे हैं और “मेयर पति” बनना चाहते हैं। जदयू नेताओं का आरोप है कि मंत्री रहते हुए उनके भ्रष्ट आचरण से जनता भली-भांति परिचित है।
नेताओं ने कहा कि मानगो की जनता ऐसे भ्रष्ट आचरण वाले उम्मीदवार को सबक सिखाए, इसके लिए एनडीए को एकजुट होकर सशक्त उम्मीदवार उतारना होगा।
सम्मानजनक निर्णय की उम्मीद
जदयू नेताओं ने विश्वास जताया कि एनडीए नेतृत्व जदयू की संगठनात्मक मजबूती, सामाजिक सरोकार और जनाधार को देखते हुए न्यायोचित और सम्मानजनक निर्णय लेगा।





