जमशेदपुर.
शहर में पहली बार हिंदी साहित्य अकादमी, जमशेदपुर संभाग की तरफ से भव्य काव्य संध्या का आयोजन किया जा रहा है. हिंदी साहित्य के संवर्धन और स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में यह कार्यक्रम एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है.
कार्यक्रम 7 दिसंबर 2025 को शाम 4 बजे बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन के चित्रकूट कक्ष में आयोजित होगा. हिंदी साहित्य अकादमी पहली बार जमशेदपुर संभाग के बैनर तले ऐसा आयोजन कर रही है. हिंदी साहित्य अकादमी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी साहित्यिक गतिविधियों के लिए जानी जाती है.
अकादमी के नेतृत्व में आयोजक टीम की विवरणी—
———
राष्ट्रीय अध्यक्ष : सौरभ जैन ‘सुमन’
जमशेदपुर संभाग की अध्यक्षा : उपासना सिन्हा
उपाध्यक्षा : पूनम महानंद
महासचिव : निशांत सिंह
संरक्षक : सुरेशचंद्र झा
काव्य संध्या में देश के विभिन्न शहरों से आए 19 प्रतिष्ठित कवि और कवयित्रियाँ अपनी रचनाओं का वाचन करेंगे. इस कार्यक्रम में जमशेदपुर के साथ-साथ अन्य शहरों के साहित्यकारों की उपस्थिति इसे विशेष और ऐतिहासिक बनाएगी.
आयोजन समिति के सदस्यों ने प्रेसवार्ता कर उपरोक्त जानकारी दी. सदस्यों ने बताया कि अकादमी का उद्देश्य प्रतिभाशाली कवियों को एक बड़ा और प्रभावशाली मंच प्रदान करना है, ताकि नए स्वर राष्ट्रीय स्तर पर गूंज सकें और साहित्यिक गतिविधियों को नई दिशा मिल सके. जमशेदपुर संभाग इस जिम्मेदारी को पूरे उत्साह और समर्पण के साथ निभाते हुए शहर में साहित्यिक उन्नयन की नई शुरुआत कर रहा है.
आयोजन समिति ने बताया कि यह कार्यक्रम सिर्फ एक काव्य संध्या नहीं, बल्कि जमशेदपुर में साहित्यिक नवजागरण की ओर बढ़ता महत्वपूर्ण कदम साबित होगा.

