जमशेदपुर। झारखंड की राजनीति में पिछले कुछ दिनों से चल रही सत्ता परिवर्तन की चर्चाओं पर विराम लगाते हुए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने जमशेदपुर में बड़ा बयान दिया है। उन्होंने इन खबरों को अफवाह बताते हुए स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार पूरी तरह स्थिर है और मजबूती के साथ अपना कार्यकाल पूरा कर रही है।
जमशेदपुर उपायुक्त कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. अंसारी ने कहा, “मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुजी के बेटे हैं। वे किसी के सामने घुटने टेकने वालों में से नहीं हैं।”
उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दल, खासकर भाजपा, राज्य में भ्रम फैलाने और सत्ता परिवर्तन की झूठी कहानियां गढ़ने में लगे हुए हैं, लेकिन हकीकत बिल्कुल अलग है।
स्वास्थ्य मंत्री ने भाजपा पर सीधा हमला बोलते हुए कहा, “भाजपा अफवाह फैलाने में माहिर है। इनका काम ही लोगों में गलत संदेश फैलाना है।”
उन्होंने आगे कहा कि आदिवासी और ईसाई समुदाय कभी हाथ फैलाने वाला समाज नहीं रहा है। “इतिहास गवाह है कि इस समुदाय ने कभी भीख नहीं मांगी,”—मंत्री ने जोर देते हुए कहा।
मुख्यमंत्री के घुटने टेकने या किसी के दबाव में आने की बात को पूरी तरह नकारते हुए उन्होंने कहा,
“हमारे मुख्यमंत्री हमारी शान हैं। जिस भाजपा ने उन्हें जेल भेजने की कोशिश की, क्या वे उन्हीं के सामने घुटने टेकेंगे? यह सिर्फ राजनीतिक झूठ और भ्रम फैलाने की कोशिश है।”
विकास कार्यों को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर डॉ. अंसारी ने कहा कि यदि केंद्र सरकार फंड जारी नहीं करती है, तो राज्य सरकार अपने संसाधनों से फंड जनरेट कर विकास कार्यों को आगे बढ़ाती रहेगी।
उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार जनता के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी परिस्थिति में विकास की गति को धीमा नहीं होने देगी।
अंत में, मंत्री ने दोहराया कि वर्तमान सरकार न केवल स्थिर है बल्कि जनता के हितों के लिए निरंतर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा फैलाई जा रही अफवाहों का जनता पर कोई असर नहीं पड़ेगा क्योंकि राज्य की जनता सब जानती है।
