धालभूमगढ़।
घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं का जनसंपर्क अभियान अब गांव-गांव तक पहुंच गया है। इसी क्रम में बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने शुक्रवार को धालभूमगढ़ प्रखंड के कोकपाड़ा पंचायत में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया।
शत्रुघ्न महतो ने स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना और भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा ही ऐसी पार्टी है जो “सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प के साथ काम कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।
महतो ने कहा कि घाटशिला आज एक निर्णायक मोड़ पर खड़ा है। यहां की जनता अब ठहराव नहीं, बल्कि विकास चाहती है। उन्होंने कहा, “घाटशिला की जनता रोजगार, शिक्षा, सड़क और स्थायी विकास की उम्मीद रखती है। भाजपा ही एकमात्र पार्टी है जो इन आकांक्षाओं को पूरा करने की क्षमता रखती है।”
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन एक कर्मठ, जमीनी और ईमानदार नेता हैं, जिन्होंने हमेशा गरीबों, किसानों और आदिवासी समाज के हित में काम किया है। उनकी जीत से न केवल घाटशिला, बल्कि पूरे पूर्वी सिंहभूम जिले का विकास सुनिश्चित होगा।
शत्रुघ्न महतो ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “क्रमांक संख्या 1 बाबूलाल सोरेन बन चुके हैं जनता की पहली पसंद। हर दिल में एक ही उम्मीद है—‘अब बदलेगा घाटशिला, अब बढ़ेगा विकास।’”
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे एकजुट होकर भाजपा के पक्ष में मतदान करें और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को और मजबूत करें।
इस मौके पर भाजपा के कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभा में वरिष्ठ नेता संजीत भालूक, राहुल राउत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। जनसंपर्क अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव जाकर भाजपा की नीतियों का प्रचार किया और लोगों को उपचुनाव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।
कोकपाड़ा पंचायत में हुए इस कार्यक्रम ने भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया है। गांवों में भाजपा के समर्थन में बढ़ती भीड़ से यह संकेत मिल रहा है कि घाटशिला की जनता अब विकास की राह पर आगे बढ़ना चाहती है और भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन के साथ खड़ी है।

