जमशेदपुर।
टाटानगर केन्द्रीयकृत कर्षण मरम्मत कारखाना (सीटीआरसी) के व्हील शॉप विभाग में कार्यरत वरिष्ठ टेक्नीशियन बीसी सिंह को सेवानिवृत्ति के अवसर पर कर्मचारियों ने भावभीनी विदाई दी। इस मौके पर सीटीआरसी व्हील शॉप परिसर में एक सादे लेकिन गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों, सहकर्मियों और सिविल डिफेंस के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।



READ MORE :Jamshedpur News :श्याम रंग में रंगा साकची शिव मंदिर,, गूंजे खाटू वाले के जयकारे
वरिष्ठ अनुभाग अभियंता की अध्यक्षता में समारोह
विदाई समारोह की अध्यक्षता व्हील शॉप विभाग के वरिष्ठ अनुभाग अभियंता निलेश कुमार ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ बीसी सिंह को पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। अध्यक्षीय संबोधन में निलेश कुमार ने बीसी सिंह के साथ लंबे समय तक किए गए कार्यों और उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बीसी सिंह का अनुभव और तकनीकी दक्षता विभाग के लिए सदैव मार्गदर्शक रही है।
समयबद्ध कार्यशैली की हुई सराहना
वरिष्ठ अनुभाग अभियंता जगजीत सिंह (एसएसई) ने बीसी सिंह की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे न केवल आवंटित कार्यों को समय पर पूरा करते थे, बल्कि प्लानिंग से जुड़े कार्य भी निर्धारित समय से पहले निपटाना उनकी विशेषता रही। उनकी कार्यशैली से विभाग की उत्पादकता और गुणवत्ता दोनों में वृद्धि हुई।
तकनीकी प्रशिक्षण में अहम भूमिका
कनिष्ठ अभियंता गौतम कुमार ने बीसी सिंह के साथ किए गए कार्यों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने अनुभव से कई युवा तकनीशियनों को प्रशिक्षित किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रेल सिविल डिफेंस इंसपेक्टर संतोष कुमार ने कहा कि व्हील शॉप तकनीशियनों की पाठशाला है और इसके गुरु बीसी सिंह रहे हैं। वे एसडब्ल्यूएल मशीन चालन (सर्फेस व्हील लेथ) के उस्ताद माने जाते हैं। उनके द्वारा प्रशिक्षित तकनीशियन आज उत्पादन बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
सहपाठियों की यादें और धन्यवाद
बीसी सिंह के सहपाठी डी.पी. तिवारी ने उनके साथ किए गए कार्यों का विवरण साझा किया और धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि बीसी सिंह का सहयोगी स्वभाव और अनुशासन सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहा है।
सहकर्मियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में सिविल डिफेंस इंसपेक्टर संतोष कुमार के साथ वरिष्ठ अनुभाग अभियंता निलेश कुमार, जगजीत सिंह, कनिष्ठ अभियंता गौतम कुमार सहित सहकर्मी रविन्द्र लाल, डीपी तिवारी, विक्रम बारी, दिनेश कुमार, कौशिक मुखर्जी, इच्चागुटू, नोमशी, संजय शर्मा, वाई कुमार, जितेन्द्र कुमार, एसपी सिंह, वीरेंद्र कुमार, वरुण कुमार समेत अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
अनुभव की अमिट छाप
विदाई समारोह भावनात्मक माहौल में संपन्न हुआ। सभी कर्मचारियों ने बीसी सिंह के उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ जीवन की कामना की तथा उनके योगदान को सदैव स्मरणीय बताया।






