जमशेदपुर



प्रत्येक वर्ष की भांति अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ, पूर्वी सिंहभूम जिला कमेटी की ओर से “जिला स्तरीय वार्षिक वनभोज सह मिलन समारोह” का आयोजन रविवार को गालूडीह बराज स्थित स्वर्णरेखा नदी के तट पर हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस आयोजन में पूरे जिले से आए साढ़े चार सौ से अधिक शिक्षकों ने भाग लेकर आपसी मेल-मिलाप के साथ वनभोज का आनंद लिया।
READ MORE :Jamshedpur Women University :2021-22 सत्र से B.Ed, M.Ed और B.P.Ed कोर्स को मिली स्वीकृति
गणमान्य अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री समीर मोहंती मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री सोमेश चंद्र सोरेन विशिष्ट अतिथि तथा जिला शिक्षा अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम श्री आशीष कुमार पांडेय सम्मानित अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इसके अलावा अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश सलाहकार समिति सदस्य एवं वरीय शिक्षक नेता श्री सुनील कुमार की विशेष उपस्थिति रही।
दीप प्रज्वलन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ की गई। जिला कमेटी के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों को शॉल ओढ़ाकर, पौधा एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
शिक्षकों और पदाधिकारियों का सम्मान
जिला अध्यक्ष शिव शंकर पोलाई एवं घाटशिला प्रखंड अध्यक्ष रंजित घोष ने स्वागत भाषण देते हुए जिले भर से आए शिक्षकों, प्रखंड व जिला पदाधिकारियों तथा अतिथियों का अभिनंदन किया। इसके बाद जिले के सभी प्रखंड अध्यक्ष एवं सचिवों को मंच पर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित 65 नवनियुक्त सहायक आचार्यों का पुष्प एवं अंगवस्त्र देकर वरीय शिक्षक नेता सुनील कुमार द्वारा स्वागत किया गया।
शिक्षकों की प्रमुख मांगें रखीं
अपने संबोधन में सुनील कुमार ने शिक्षकों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं, जिनमें एमएसीपी, प्रोन्नति, नवनियुक्त सहायक आचार्यों को कम ग्रेड-पे में नियुक्ति, पारा शिक्षक के रूप में की गई सेवा अवधि को सरकारी सेवा में जोड़ने, शपथ पत्र के आधार पर वेतन भुगतान, वर्ष 2004 के शिक्षकों को दिसंबर 2003 से वरीयता एवं आर्थिक लाभ तथा ग्रेड-4 शिक्षकों का सुविधाजनक स्थान पर स्थानांतरण/सामंजन शामिल हैं।
उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे विभागीय तनाव के बावजूद बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने में कोई कमी न रखें।
समस्याओं के समाधान का भरोसा
जिला शिक्षा अधीक्षक आशीष कुमार पांडेय ने आश्वासन दिया कि जिला स्तर की सभी समस्याओं का समाधान अगले 10 दिनों के भीतर किया जाएगा। उन्होंने शिक्षकों से अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने और विभाग को परिवार मानकर कार्य करने की अपील की।
विधायक समीर मोहंती ने कहा कि वे हमेशा शिक्षकों को गुरु मानते हैं और उनकी समस्याओं को लेकर पहले भी विधानसभा में आवाज उठाते रहे हैं। वहीं विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने शिक्षकों से लिखित रूप में समस्याएं देने को कहा और मुख्यमंत्री से बात कर समाधान का भरोसा दिया।
सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान
इस अवसर पर 12 सेवानिवृत्त शिक्षकों को जिला शिक्षा अधीक्षक के कर-कमलों द्वारा सम्मानित किया गया। साथ ही 7 नए शिक्षकों ने संघ की सदस्यता ग्रहण की, जिनका माला पहनाकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला अध्यक्ष शिव शंकर पोलाई, जिला महासचिव सरोज कुमार लेंका सहित जिला व प्रखंड स्तर के अनेक पदाधिकारियों और शिक्षकों की सराहनीय भूमिका रही। यह आयोजन न केवल शिक्षकों के आपसी संवाद और एकजुटता का प्रतीक बना, बल्कि उनकी समस्याओं को सशक्त रूप से रखने का भी मंच सिद्ध हुआ।









