जमशेदपुर। पोटका विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजीव सरदार ने केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए आम बजट पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे पूरी तरह निराशाजनक बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट विकास का नहीं, बल्कि जनता को ठगने वाला बजट है, जिसमें न तो पुराने वादों की झलक है और न ही आम लोगों को कोई ठोस राहत।



READ MORE :Jamshedpur News :आम बजट किसानों-युवाओं के साथ अन्याय, डर और निराशा का दस्तावेज़ है: कुणाल षाड़ंगी
पुराने वादों पर भी चुप्पी
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि सरकार इस बार कम से कम पुराने वादों को नए लेबल के साथ पेश करेगी, लेकिन बजट पूरी तरह खोखला साबित हुआ। न किसानों से जुड़े वादों का कोई जिक्र किया गया और न ही आम जनता को राहत देने वाली कोई नई घोषणा सामने आई।
किसान, मध्यम वर्ग और युवा निराश
उन्होंने कहा कि इस बजट में किसानों के लिए कोई ठोस प्रावधान नहीं है। खेती की लागत, सिंचाई और आय बढ़ाने जैसे मुद्दों को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया है।
मध्यम वर्ग को महंगाई से राहत देने के लिए भी बजट में कुछ खास नहीं है। वहीं पढ़ाई-लिखाई को मजबूत करने और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए कोई ठोस योजना पेश नहीं की गई।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल
संजीव सरदार ने स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर भी सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को सुधारने और आम लोगों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए बजट में कोई गंभीर पहल नजर नहीं आती, जबकि देश की बड़ी आबादी आज भी बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित है।
आंकड़ों और भाषणों का बजट
विधायक ने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों और लंबे भाषणों तक सीमित है, जिसका जमीनी सच्चाई से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उसे आम आदमी की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है।
जनता देगी जवाब
संजीव सरदार ने कहा कि जो लोग विपक्ष में रहते हुए बड़ी-बड़ी बातें किया करते थे, वही आज सत्ता में आकर जनता को भूल चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता इस बजट को पूरी तरह नकार रही है और आने वाले समय में लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी।





