जमशेदपुर।
सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय और प्रभावी कार्य के लिए जमशेदपुर जिले को सड़क सुरक्षा माह के दौरान राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात नियमों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और समन्वित प्रयासों के सफल क्रियान्वयन के लिए दिया गया।



READ MORE :Jamshedpur News :जनता की शिकायत पर सरयू राय ने किया पारडीह काली मंदिर से डेंटल कॉलेज तक निरीक्षण
सड़क सुरक्षा माह में चला व्यापक अभियान
सड़क सुरक्षा माह के दौरान जमशेदपुर जिले में वृहद स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके अंतर्गत आम नागरिकों को यातायात नियमों के पालन, सुरक्षित वाहन चलाने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, नशे की हालत में वाहन न चलाने सहित अन्य महत्वपूर्ण सड़क सुरक्षा विषयों पर जागरूक किया गया।
स्कूल, कॉलेज, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख चौक-चौराहों पर आयोजित कार्यक्रमों का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई।
राज्य स्तरीय समारोह में मिला सम्मान
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में परिवहन मंत्री दीपक बीरूवा के कर-कमलों से जमशेदपुर जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय, तीनों मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर (MVI) तथा सड़क सुरक्षा टीम को यह सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर जिले द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए इसे अन्य जिलों के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया।
उपायुक्त ने की सराहना
इस उपलब्धि पर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी पदाधिकारियों और टीम के सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर किए गए समन्वित, सतत और योजनाबद्ध प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं और आगे भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य जारी रखने की आवश्यकता है।
जमशेदपुर की यह सफलता यह साबित करती है कि प्रशासन, परिवहन विभाग और आम नागरिकों के सहयोग से सड़क सुरक्षा के लक्ष्य को प्रभावी ढंग से हासिल किया जा सकता है।






