
जमशेदपुर: भाजपा जमशेदपुर महानगर की महत्वपूर्ण मासिक संगठनात्मक बैठक शुक्रवार को सोनारी स्थित चित्रगुप्त भवन में महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिनेशानंद गोस्वामी, प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद आभा महतो, प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह, जिला प्रभारी बबन गुप्ता और पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल रहे।
सेवा संकल्प अभियान और बूथ सशक्तिकरण पर विशेष मंथन
बैठक का शुभारंभ श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर तथा सामूहिक वंदे मातरम् गान के साथ हुआ।
बैठक में सेवा संकल्प अभियान, बूथ सशक्तिकरण, एसआईआर (SIR) फेज-2 और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
संजीव सिन्हा ने कार्यकर्ताओं की सक्रियता की सराहना करते हुए आगामी कार्यक्रमों के लिए समन्वय और एकजुटता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
दिनेशानंद गोस्वामी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन (17 सितंबर) से 17 अक्टूबर तक भाजपा ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। इसके तहत 17 सितंबर को घरों में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे और विभिन्न सेवा कार्य व रचनात्मक प्रकल्प संचालित होंगे।
बैठक में आभा महतो, अभय सिंह और बबन गुप्ता ने भी बूथ सशक्तिकरण और संगठनात्मक गतिविधियों पर अपने विचार रखे और प्रगति की समीक्षा की।
READ MORE:Jamshedpur News :XLRI ने Financial Times MiM 2026 रैंकिंग में लगाई 25 पायदान की छलांग, वैश्विक स्तर पर हासिल किया 33वां स्थान
5वीं बार ‘संसद रत्न’ मिलने पर विद्युत महतो का हुआ अभिनंदन
लगातार पांचवीं बार प्रतिष्ठित ‘संसद रत्न’ पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो का महानगर भाजपा की ओर से भव्य अभिनंदन किया गया।
संजीव सिन्हा के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों ने सांसद को अंगवस्त्र और मिठाई देकर बधाई दी।
विद्युत वरण महतो ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान लौहनगरी की जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ‘विकसित भारत’ की ओर बढ़ रहा है। जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाना प्रत्येक कार्यकर्ता का लक्ष्य होना चाहिए।
इस बैठक में मंच का संचालन जिला महामंत्री राजीव सिंह ने किया और धन्यवाद ज्ञापन जिला महामंत्री जितेंद्र राय ने किया। बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष ब्रह्मदेव नारायण शर्मा, देवेंद्र सिंह, चंद्रशेखर मिश्रा, बिनोद सिंह, गुंजन यादव सहित विभिन्न मंडलों के प्रभारी और अध्यक्ष मौजूद रहे।


