जमशेदपुर.
सिंहभूम जिला हिन्दी साहित्य सम्मेलन, तुलसी भवन, बिष्टुपुर के मानस सभागार में साहित्य समिति, तुलसी भवन के तत्वावधान में नगर की सुप्रसिद्ध कवयित्री रीना सिन्हा ‘सलोनी’ द्वारा रचित काव्य कृति “जुगनू खुशबू या तारे” का भव्य लोकार्पण समारोह संपन्न हुआ. कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और मां शारदे की वंदना के साथ की गई.
अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
समारोह के मुख्य अतिथि हिन्दी-भोजपुरी के लब्ध प्रतिष्ठित साहित्यकार एवं पटना साइंस कॉलेज के पूर्व व्याख्याता (हिन्दी विभाग) डॉ. इन्द्र नारायण सिंह उर्फ आसिफ रोहतासवी रहे. वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में अर्का जैन विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. अंगद तिवारी उपस्थित रहे. कार्यक्रम की अध्यक्षता सिंहभूम जिला हिन्दी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष सुभाष चन्द्र मुनका ने की.
पुस्तक की विशेषता और वक्ताओं के विचार
इस अवसर पर वक्ताओं ने रीना सिन्हा ‘सलोनी’ के कविता संग्रह “जुगनू खुशबू या तारे” की विषय-वस्तु और भाषा शैली की भूरी-भूरी प्रशंसा की. वक्ताओं ने कहा कि यह कृति मानवीय संवेदनाओं, समाज और जीवन के विभिन्न पहलुओं को बेहद सरल और प्रभावी ढंग से पाठकों के सामने रखती है. पुस्तक पाठकों के मन पर गहरी छाप छोड़ती हैं और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती हैं.
संचालन और गणमान्य लोगों की सहभागिता
कार्यक्रम का संचालन साहित्य समिति के सचिव डॉ. अजय कुमार ओझा ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन तुलसी भवन के मानद महासचिव डॉ. प्रसेनजित तिवारी ने किया. इस साहित्यिक आयोजन में शहर के तमाम गणमान्य साहित्यकार, शिक्षाविद, प्रबुद्ध नागरिक और कला-संस्कृति प्रेमी बड़ी संख्या में मौजूद रहे.


