NAGPUR



नागपुर मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (मध्य) श्री अर्पित सरन के नेतृत्व में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल द्वारा कलमना यार्ड में यार्ड ड्रेनेज व्यवस्था को सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है।
इस पहल के अंतर्गत कलमना यार्ड में 200 मिमी व्यास के एचडीपीई (HDPE) परफोरेटेड पाइप उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिनका उपयोग विशेष रूप से उन यार्ड क्षेत्रों में किया जा रहा है जहाँ ट्रैक सेंटर्स कम होने के कारण पारंपरिक खुले नालों (नॉर्मल ड्रेन्स) का निर्माण तकनीकी रूप से संभव नहीं होता।
एचडीपीई परफोरेटेड पाइप ड्रेनेज प्रणाली भूमिगत जल एवं वर्षा जल की प्रभावी निकासी में अत्यंत सहायक है। इन पाइपों के माध्यम से जल तेजी से एकत्र होकर सुरक्षित रूप से बाहर निकल जाता है, जिससे ट्रैक बेड में जल भराव की समस्या नहीं होती। इससे ट्रैक की स्थिरता बनी रहती है, रेल संरचना की सुरक्षा बढ़ती है तथा अनुरक्षण कार्यों में होने वाले समय एवं लागत में उल्लेखनीय कमी आती है।
कलमना यार्ड में परफोरेटेड पाइप ड्रेनेज प्रणाली का परीक्षण एवं प्रदर्शन सफलतापूर्वक किया गया, जिसमें इसकी कार्यक्षमता, उपयोगिता एवं व्यवहारिकता का प्रत्यक्ष रूप से मूल्यांकन किया गया। परीक्षण के परिणाम संतोषजनक पाए गए, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि यह प्रणाली सीमित स्थान वाले यार्ड क्षेत्रों के लिए एक प्रभावी, टिकाऊ एवं दीर्घकालिक समाधान है।
इस प्रणाली की सफलता को देखते हुए भविष्य में नागपुर मंडल के अन्य यार्ड एवं ऐसे रेल खंडों में भी इसे अपनाने पर विचार किया जा रहा है, जहाँ पारंपरिक ड्रेनेज प्रणाली का निर्माण कठिन है। यह पहल रेलवे अवसंरचना को सुरक्षित, विश्वसनीय एवं आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।





