गम्हरिया। मिथिला के लाल एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री ललित नारायण मिश्र की जयंती के अवसर पर शिवनगर स्थित आवासीय कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया और उनके योगदान को याद किया गया।



इस अवसर पर राष्ट्रीय जनता दल के पूर्व जिला प्रवक्ता एवं वन, पर्यावरण एवं जलवायु रक्षा समिति के प्रवक्ता मुकेश झा ने कहा कि विकास को लेकर ललित नारायण मिश्र की दूरदर्शी सोच की झलक आज भी जनभावनाओं में स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि ललित नारायण मिश्र केवल मिथिलांचल के ही नहीं, बल्कि पूरे देश के विकास पुरुष थे।
देशव्यापी विकास में रहा ऐतिहासिक योगदान
मुकेश झा ने कहा कि ललित नारायण मिश्र का योगदान केवल क्षेत्रीय नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर रहा है। उनके द्वारा किए गए कार्यों का प्रभाव आज भी देश के विकास में देखा जा सकता है। उन्होंने केंद्र सरकार से ललित नारायण मिश्र को भारत रत्न देने की मांग करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके ऐतिहासिक योगदान के लिए पूर्णतः उचित होगा।
नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत
उन्होंने आगे कहा कि ललित नारायण मिश्र जैसे महामानवों की सोच, ईमानदारी और जनसमर्पण आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। ऐसे नेताओं को सम्मानित करना न केवल इतिहास के प्रति सम्मान है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी एक सकारात्मक संदेश है।
READ MORE :Jamshedpur News :जनता की शिकायत पर सरयू राय ने किया पारडीह काली मंदिर से डेंटल कॉलेज तक निरीक्षण
गणमान्य लोगों की उपस्थिति
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में ओम प्रकाश गिरी, पवन गिरी, करण गिरी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने ललित नारायण मिश्र के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।





