जमशेदपुर। शनिवार को भारतीय जनता पार्टी का जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र का केन्द्रीय चुनावी कार्यालय का उदघाटन विधिवत रूप से पूजा अर्चना के साथ फीता काटकर पार्टी प्रत्याशी विद्युतवरण महतो ने किया। बाराद्वारी में केन्द्रीय चुनावी कार्यालय खुलने से अधिकांश भाजपाई खुश हैं, क्योंकि यह स्थान शहर के मुख्य सेंटर में आता है। जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार विद्युतवरण महतो ने कहा कि लोकसभा चुनाव 2014 में भाजपा की जीत सुनिश्चित है। जनता जान चुकी है कि महंगाई और भ्रष्टाचार से भाजपा ही मुक्ति दिला सकती है। यह बातें विद्युतवरण महतो ने शनिवार को न्यू बाराद्वारी में संवाददाता सम्मेलन में कहीं। उन्होंने कहा कि सांसद डॉ. अजय कुमार बहुत बड़े झूठे हैं। उन्होंने काम तो कुछ नहीं किया, लेकिन प्रचार खूब किया। डॉ अजय ने पिछली बार चुनाव में जनता से वादा किया था कि वे जीतेंगे, तो विश्वविद्यालय व उच्च सुविधा वाला अस्पताल बनवाएंगे। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। यही नहीं सुरदा केंद्रीय विद्यालय को बंद नहीं होने देने की शर्त पर उन्होंने आंदोलन समाप्त करवाया था, लेकिन स्कूल बंद हो गया। सांसद ने यहां भी लोगों को धोखा दिया। महतो ने अपनी पुरानी झामुमो पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि झामुमो जन मुद्दों से भटक गया है। इसीलिए मैंने झामुमो छोड़ कर ऐसी पार्टी में जाना पसंद किया, जिसने झारखंड का निर्माण किया। मौके पर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अमर प्रीत सिंह काले ने कहा कि विद्युतवरण महतो का इस क्षेत्र के लोग दिल से चाहते हैं। नरेंद्र मोदी के जमशेदपुर आने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मार्च में आने की कोई संभावना नहीं है। हां, अप्रैल में उनकी एक विशाल चुनावी सभा यहां होगी। लेकिन उसकी अभी तिथि तय नहीं है।इस मौके पर प्रमुख रूप से प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले, महानगर अध्यक्ष राजकुमार श्रीवास्तव, चन्द्रशेखर मिश्रा, अनिल मोदी, अजय श्रीवास्तव, आफताब अहमद सिद्दीकी, विनोद सिंह, देवेन्द्र सिंह समेत सैकड़ों की सख्या में पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित थे। इस दौरान भाजपाईयों ने नारेबारी करते हुए नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए विद्युतवरण महतो को रिकार्ड मतों से जीताने का संकल्प भी लिया।
