जमशेदपुर |
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT), जमशेदपुर में आधुनिक तकनीक और नवाचार के नए युग की शुरुआत हो गई है। भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) मंत्रालय द्वारा प्रायोजित उन्नत प्रबंधन विकास कार्यक्रम (A-MDP) का भव्य शुभारंभ किया गया। यह पांच दिवसीय प्रशिक्षण 2 फरवरी से 6 फरवरी 2026 तक चलेगा, जिसका मुख्य विषय है—“AI के साथ MSME को सशक्त बनाना: व्यापार वृद्धि, स्वचालन और नवाचार के लिए AI टूल्स का उपयोग।”



दीप प्रज्वलन के साथ उद्घाटन
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि श्री कुणाल कुमार (निदेशक एवं प्रमुख, BIS जमशेदपुर), विशिष्ट अतिथि श्री संदीप मिश्रा (निदेशक, S.S.S इंडस्ट्रीज) एवं डॉ. अर्पिता घोष (CSIR-NML) द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) गौतम सूत्रधार ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में MSME के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को अपनाना विकल्प नहीं, बल्कि अनिवार्यता है।
प्रशासनिक नेतृत्व और समन्वय
कार्यक्रम में उप-निदेशक प्रो. (डॉ.) राम विनय शर्मा, डीन एवं नोडल अधिकारी प्रो. (डॉ.) सतीश कुमार तथा कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. डी. के. शॉ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यशाला का संचालन डॉ. चंद्रशेखर आजाद, डॉ. दिनेश कुमार एवं डॉ. मृत्युंजय राउत के समन्वय में किया जा रहा है।
विशेषज्ञों का महाकुंभ
इस प्रशिक्षण में Microsoft, Tata Steel, JP Morgan, Cognizant, Mentorshala जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञ AI, डेटा एनालिटिक्स, साइबर सिक्योरिटी, डिजिटल मार्केटिंग, मशीन लर्निंग और इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन पर व्यावहारिक सत्र ले रहे हैं।
साथ ही NIT जमशेदपुर, XLRI, CSIR-NML के अकादमिक विशेषज्ञ भी MSME के लिए AI आधारित समाधान साझा कर रहे हैं।
व्यावहारिक प्रशिक्षण पर फोकस
पहले दिन AI आधारित औद्योगिक समाधान और Excel + AI से डेटा विश्लेषण का हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण दिया गया। आगामी सत्रों में मशीन लर्निंग, सप्लाई चेन एनालिटिक्स, इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन और IPR जैसे विषयों पर गहन प्रशिक्षण दिया जाएगा।
यह कार्यक्रम MSME उद्यमियों के लिए डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा में बढ़त दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।






