गिरिडीह -माओवादियों के खिलाफ गिरिडीह पुलिस को पीरटांड के अकबकीटांड के बनासो जंगल में मिला 20 किलो का दो केन बम

गिरिडीह।
माओवादियों के खिलाफ सर्च आॅपरेशन के दौरान रविवार दोपहर गिरिडीह पुलिस और सीआरपीएफ को पीरटांड के अकबकीटांड जंगल से एक बार फिर सफलता हाथ लगी, जब अकबकीटांड के बनासो जंगल में सर्च आॅपरेशन के दौरान 20-20 किलो का केन बम बरामद किया गया। एएसपी दीपक कुमार के अनुसार मधुबन सीआरपीएफ के 154 वीं बटालियन के सेकेंड इन कमांडेट अजय कुमार, सहायक कमांडेट राज्यवर्धन के नेत्तृव में पीरटांड थाना प्रभारी राउतो हांगा समेत सीआरपीएफ और पुलिस जवान पीरटांड थाना के अकबकीटांड जंगल में गुप्त सूचना के आधार पर सर्च आॅपरेशन शुरु किया गया। इसी दौरान सर्च आॅपरेशन की टीम जब अकबकीटांड के बनासो जंगल पहुंची, तो जंगल के एक हिस्से में पत्थरों के ढेर में दोनों केन बम छिपाकर रखे थे। जिसे समय रहते सर्च आॅपरेशन टीम ने बरामद कर डिफ्यूज किया। बताया जा रहा है कि दोनों केन बम इतना शक्तिशाली था, कि अगर सुरक्षा बल इसके चपेट में आते तो बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता था। लेकिन एएसपी दीपक कुमार को अचानक मिले गुप्त सूचना के बाद सर्च आॅपरेशन टीम को यह सफलता हाथ लगी। बताते चलें कि बनासो जंगल जिस अकबकीटांड के इलाके में है। उसी इलाके से दो साल पहले गिरिडीह पुलिस को कोई गोली फायरिंग किए बगैर 17 हार्डकोर नक्सलियों को दबोचने में सफलता मिली थी। इस सफलता के बाद ही अकबकीटांड जंगल राज्य स्तर पर माओवादियों को लेकर फेमस हुआ था। बहरहाल, दो साल बाद एक बार फिर मिले सफलता ने माओवादियों के खिलाफ गिरिडीह पुलिस के हौसले बंुलद कर दिया है।